Cyclone Murasu: 120 kmph की रफ्तार से आंध्र प्रदेश पहुंचीं हवाओं के झोंके, लैंडफॉल होते ही उखड़ने लगे पेड़, बाढ़ का खतरा
मुरासु के तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़े (Photo/X)
आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवात मुरासु ने दस्तक दे दी है. मंगलवार तड़के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के पास चक्रवात का लैंडफॉल हुआ. इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे. भारी बारिश और तेज हवाओं ने ओंगोल समेत कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है.
Severe Cyclonic Storm Murasu: आंध्र प्रदेश के ओंगोल में मुरासु के तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए हैं. चक्रवात के असर से तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने निचले इलाकों में समुद्र का पानी घुसने और जलभराव की आशंका भी जताई है. चक्रवात मुरासु के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की आशंका है. तेज हवाओं के कारण पेड़ों और बिजली के खंभों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है.
राज्य में राहत और बहाली के काम के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात करने की तैयारी की गई थी. अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में बिजली और जरूरी सेवाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं.
समुद्र में ऊंची लहरें, निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवात के दौरान समुद्र में सामान्य ज्वार से 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है. इसका सबसे ज्यादा असर बापटला, कृष्णा और प्रकासम जिलों के निचले तटीय इलाकों में पड़ सकता है.
भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और तटीय क्षेत्रों में समुद्री पानी घुसने का खतरा है. मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
मुरासु के तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़े, देखें वीडियो-
30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी
चक्रवात के खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की थी. अधिकारियों के मुताबिक, करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की योजना बनाई गई थी.
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए थे. प्रशासन प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रख रहा है.
आज भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD के मुताबिक, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में चक्रवात के प्रभाव से भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की आशंका है. कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है.
चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होने का अनुमान है, लेकिन बारिश और तेज हवाओं के कारण अगले कुछ घंटों तक जनजीवन प्रभावित रह सकता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए