Cyclone Akvan: कभी आंध्र तो कभी ओडिशा, बार-बार क्यों बदल रहा चक्रवात का रास्ता; जानिए मौसम विभाग का पूरा गणित
पुरी तट पर उठती ऊंची-ऊंची लहरें, फोटो - पीटीआई
चक्रवात अकवान की दिशा और तीव्रता के पूर्वानुमान में लगातार बदलाव क्यों हो रहा है? जानिए मौसम विभाग के गणित और तूफान की धीमी रफ्तार के कारण.
Cyclone Akvan : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान के संभावित लैंडफॉल को लेकर मौसम विभाग के पूर्वानुमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. कभी इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना जताई गई, तो बाद के बुलेटिन में लैंडफॉल का दायरा दक्षिण ओडिशा तक बढ़ गया. इसकी वजह सिर्फ तूफान की दिशा नहीं, बल्कि उसकी धीमी रफ्तार और अलग-अलग मौसम मॉडलों के अनुमान में अंतर भी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 19 नवंबर के सुबह 8:57 बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक, अकवान 20 नवंबर दोपहर तक नरसापुर और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यानम और दक्षिण ओडिशा के तट से टकरा सकता है.
IMD के पूर्वानुमान में कैसे आया बदलाव?
IMD ने 17 नवंबर को जारी बुलेटिन में अनुमान लगाया था कि अकवान 20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है. उस समय इसके अति गंभीर चक्रवाती तूफान बनने और 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान था.
लेकिन 18 नवंबर को जारी पूर्वानुमान में संभावित लैंडफॉल का दायरा बदलकर मछलीपट्टनम से पुरी के बीच कर दिया गया. साथ ही इसकी अनुमानित तीव्रता घटाकर गंभीर चक्रवाती तूफान कर दी गई. IMD ने हवा की अधिकतम रफ्तार 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा बताई. 19 नवंबर की ताजा अपडेट में भी नरसापुर से पुरी के बीच लैंडफॉल का अनुमान बरकरार है.
धीमी रफ्तार और वायुमंडलीय परिस्थितियां बनीं वजह
डाउन टू अर्थ की 18 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, IMD ने तूफान की धीमी गति और उसके आसपास की वायुमंडलीय परिस्थितियों को लेकर जानकारी दी थी. 17 और 18 नवंबर की रात अकवान की गति कुछ समय के लिए महज 3 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई थी. बाद में इसकी रफ्तार बढ़कर 7-8 किलोमीटर प्रति घंटा हुई.
IMD के अनुसार, दो एंटी-साइक्लोन के बीच बने कोल क्षेत्र और मध्यम वर्टिकल विंड शीयर के कारण तूफान की गति धीमी रही और उसकी तीव्रता बढ़ने की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई. विभाग ने यह भी बताया कि पूर्व दिशा में मौजूद रिज के प्रभाव से आगे इसका रुख उत्तर-पश्चिम या उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर हो सकता है.
अलग-अलग मौसम मॉडल क्यों दे रहे हैं अलग अनुमान?
डाउन टू अर्थ की रिपोर्ट के अनुसार, IMD ने माना कि अकवान की आगे की तीव्रता को लेकर अलग-अलग मौसम मॉडलों में काफी अंतर है. यूरोपियन सेंटर फॉर मीडियम-रेंज वेदर फोरकास्ट (ECMWF) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कुछ मौसम मॉडल संकेत दे रहे थे कि तूफान तट पर पहुंचने से पहले चक्रवाती तूफान की श्रेणी से नीचे कमजोर हो सकता है.
इसके उलट IMD के आधिकारिक पूर्वानुमान में 19 नवंबर की सुबह तक इसे गंभीर चक्रवाती तूफान बताते हुए 20 नवंबर को तट पार करने की संभावना जताई गई है. यही अंतर पूर्वानुमान को चुनौतीपूर्ण बना रहा है.
क्या सचमुच अकवान बार-बार रास्ता बदल रहा है?
दरअसल, अकवान के हर अपडेट में दिशा बदलने का मतलब यह नहीं है कि तूफान अचानक मुड़ रहा है. मौसम विभाग नए आंकड़ों, उसकी वास्तविक गति और वायुमंडलीय परिस्थितियों के आधार पर संभावित लैंडफॉल का दायरा संशोधित कर रहा है. फिलहाल IMD का ताजा अनुमान उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्र को लेकर है. इसलिए अगले बुलेटिन में आने वाले बदलावों पर नजर रखना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: ओडिशा की ओर मुड़ा चक्रवात ‘अकवान’, अगले 48 घंटे भारी बारिश का खतरा; 8 जिलों में हाई अलर्ट
ये भी पढ़ें: MP Weather Today: चक्रवात ’अकवान’ का दिखेगा असर या मौसम रहेगा साफ? जानें क्या कहती है 19 नवंबर की वेदर रिपोर्ट
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
