शाह के बाद मोदी की भी हो सकती थी गिरफ्तारी, गुजरात दंगों की जांच हमारे लोगों ने रुकवाई: कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली
पीएम मोदी और कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली
कांग्रेस नेता वीरप्पा मोइली ने दावा किया है कि तत्कालीन UPA सरकार के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ गुजरात दंगों से जुड़ी जांच रुकवा दी थी. जानें क्या है मामला.
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम वीरप्पा मोइली ने गुजरात दंगों से जुड़े मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन यूपीए सरकार के कुछ नेताओं ने मोदी के खिलाफ चल रही जांच को रुकवा दिया था. मोइली ने यह बात 18 नवंबर को बेंगलुरु में सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' से जुड़े एक कार्यक्रम में कही. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि जांच रोकने का फैसला किन नेताओं ने लिया था और इसके पीछे क्या वजह थी.
अमित शाह का जिक्र कर कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में मोइली ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शाह सबसे पहले जेल गए थे. अगर ऐसा नहीं हुआ होता तो शायद वह आज गृह मंत्री और इतने ताकतवर नेता नहीं बन पाते. मोइली ने कहा कि शाह के मामले की सुनवाई गुजरात से बाहर हुई थी और उन्हें राज्य से बाहर रहना पड़ा था.
'इसके बाद मोदी की बारी आती, लेकिन जांच रोक दी गई'
मोइली ने दावा किया कि अमित शाह के बाद नरेंद्र मोदी के खिलाफ कार्रवाई की बारी आ सकती थी, लेकिन तत्कालीन यूपीए सरकार के कुछ नेताओं ने जांच रोक दी. उन्होंने कहा, "इसके बाद मोदी की बारी आती. लेकिन हमारी अपनी (UPA) सरकार ने ही इस जांच को रोक दिया. इस मामले की छानबीन को रोक दिया गया. ऐसा तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नहीं, बल्कि कुछ अन्य नेताओं ने किया था."
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है, लेकिन वह अभी इस बारे में विस्तार से बात नहीं करना चाहते. मोइली के इस बयान से कांग्रेस के भीतर तत्कालीन यूपीए सरकार के फैसलों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
अमित शाह को सोहराबुद्दीन केस में हुई थी गिरफ्तारी
अमित शाह को अगस्त 2010 में सीबीआई ने सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले में गिरफ्तार किया था. दिसंबर 2014 में मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत ने उन्हें आरोपों से बरी कर दिया था. अदालत ने कहा था कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं. मोइली ने इसी मामले का संदर्भ देते हुए शाह की गिरफ्तारी और गुजरात से बाहर सुनवाई का उल्लेख किया.
सोनिया गांधी के नेतृत्व का जिक्र, मोदी को रोकने का दावा
मोइली ने यह भी कहा कि कांग्रेस के पास नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने का मौका था. उनके मुताबिक, अगर सोनिया गांधी के नेतृत्व वाले दौर में पार्टी के कुछ नेताओं ने संगठनात्मक सुधारों का विरोध नहीं किया होता, तो कांग्रेस मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोक सकती थी. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि किन सुधारों का विरोध हुआ था और उससे चुनावी नतीजों पर किस तरह असर पड़ सकता था.
कौन हैं वीरप्पा मोइली?
एम वीरप्पा मोइली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं. वह नवंबर 1992 से दिसंबर 1994 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे. कर्नाटक के करकला से छह बार विधायक चुने गए मोइली यूपीए-2 सरकार में 2009 से 2011 तक कानून और न्याय मंत्री भी रहे. उनका ताजा बयान ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें: 20 नवंबर का मौसम: ओडिशा तट से टकराएगा 'अकवान', बिहार-झारखंड में होगी भारी बारिश? जानें देशभर का वेदर अपडेट
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
