संसद मार्च के बाद CJP पर पुलिस का एक्शन, जंतर-मंतर से हटाया धरना, जानें दिनभर क्या-क्या हुआ

Updated:
विज्ञापन
कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, फोटो- पीटीआई

कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, फोटो- पीटीआई

CJP Parliament March: संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने CJP का जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल हटा दिया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने दोबारा लौटकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. सीजेपी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अपनी प्रमुख मांगों पर अड़े रहने की बात कही है.

विज्ञापन

CJP Parliament March: दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल को हटा दिया. हालांकि, संसद मार्च के बाद प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर लौट आए और आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया. आंदोलन से जुड़े नेताओं ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा. पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन के लिए बनाया गया मंच भी हटा दिया. इसके अलावा मौके से ट्रैम्पोलिन, कालीन, गद्दे और अन्य सामान भी हटाया गया. इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लाउडस्पीकर लगे एक टेंपो से प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा.

संसद मार्च के बाद बढ़ा विवाद

CJP ने सबसे पहले 6 जून को जंतर-मंतर पर एक दिवसीय प्रदर्शन किया था. इसके बाद संगठन ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया. सोमवार (20 जुलाई) को हजारों प्रदर्शनकारी कथित परीक्षा अनियमितताओं पर जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद की ओर मार्च कर रहे थे. संसद मार्ग के पास पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े.

CJP प्रतिनिधियों ने की केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात

संसद मार्च के बीच केंद्र सरकार ने आंदोलनरत CJP के प्रतिनिधियों से बातचीत की. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करेगी और उचित समय पर निर्णय से अवगत कराएगी. CJP के अनुसार, उसके प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास ने सोमवार को जेपी नड्डा से उनके आवास पर दो चरणों में मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, सोनम वांगचुक की बिना किसी प्रतिबंध के रिहाई और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई रोकने की मांग शामिल थी.

क्या हैं CJP की तीन प्रमुख मांगें?

CJP ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं...

  • सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को बिना किसी आवाजाही प्रतिबंध के रिहा किया जाए.
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए. नीट 2026 पेपर लीक के बाद
  • आत्महत्या करने वाले अभ्यर्थियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए.

कई छात्र संगठनों ने किया CJP का समर्थन

शिक्षा में सुधार की मांग को लेकर CJP के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) समेत कई छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों ने हिस्सा लिया.

बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद बढ़ा तनाव

प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए, जब सुबह करीब 11 बजे प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग पुलिस थाने के सामने लगाए गए एक प्रमुख बैरिकेड को तोड़ दिया और संसद की ओर बढ़ने लगे. यह स्थान जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर है. इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. अधिकारियों के मुताबिक, भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पत्थर और अन्य सामान फेंके, जिससे कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हो गए.

20 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में, इंटरनेट सेवा भी निलंबित

अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के बाहर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. इस दौरान 20 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. सुरक्षा के लिहाज से नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं. दोपहर करीब एक बजे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर किसी भी प्रकार की सभा पर प्रतिबंध लगा दिया गया.

नई दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संसद और आसपास के इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त अर्धसैनिक कंपनियां तैनात की गईं और विभिन्न जिलों से पुलिस बल बुलाया गया. दंगा-रोधी उपकरणों से लैस अर्धसैनिक बलों को रविवार रात से ही तैनात कर दिया गया था. लुटियंस दिल्ली के प्रमुख चौराहों, सरकारी इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी.

कई नेताओं ने भी प्रदर्शन में दर्ज कराई मौजूदगी

विरोध प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद और मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव भी शामिल हुईं. दोनों नेताओं ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

पांच मेट्रो स्टेशन रहे बंद

सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया. सुरक्षा व्यवस्था सामान्य होने के बाद सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया गया.

Also Read: CJP Sansad March Live : CJP प्रोटेस्ट मार्च में हिंसा, 50 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल


विज्ञापन
प्रीतीश सहाय

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola