BJP Manifesto: 400 रुपये में रसोई गैस, PM किसान की राशि बढ़ाकर 9000 करने का वादा बीजेपी ने अरुणाचल के लिए जारी किया घोषणापत्र
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 10 Apr 2024 7:24 PM
BJP Manifesto
BJP Manifesto: भारतीय जनता पार्टी ने अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 (Arunachal Pradesh Assembly Election) के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने घोषणापत्र जारी किया.
BJP Manifesto: अरुणाचल प्रदेश 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जो घोषणापत्र जारी किया है, उसका नाम विकसित भारत, विकसित अरुणाचल प्रदेश रखा है. घोषणापत्र में मजबूत बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और जवाबदेह शासन के निर्माण का वादा किया गया है. नड्डा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार बिजली, पर्यटन, इंटरनेट संपर्क, कृषि और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए काम कर रही है.
किसान सम्मान निधि 6000 से बढ़ाकर 9000 रुपये करने का वादा
घोषणापत्र के बारे में विस्तार से बताते हुए, जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ के तहत किसानों को वार्षिक वित्तीय सहायता 6000 रुपये से बढ़ाकर 9000 रुपये करेगी.
400 रुपये में रसोई गैस देने का वादा
जेपी नड्डा ने कहा, हम स्नातक या व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाली प्रत्येक महिला को 50,000 रुपये की संचयी सहायता प्रदान करने के लिए ‘दुलारी कन्या’ योजना को नया स्वरूप देंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 400 रुपये प्रति सिलेंडर की दर पर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा.
25,000 रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने का वादा
सरकार ड्रोन के जरिए 500 से अधिक दूरदराज के गांवों में जीवन रक्षक दवाएं और आवश्यक चिकित्सा आपूर्ति पहुंचाएगी. उन्होंने कहा, हम युवाओं और महिलाओं के लिए 25,000 रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा करेंगे. नड्डा ने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य में प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने के लिये प्रतिबद्ध है.
अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव कब?
अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा का शेड्यूल लोकसभा चुनाव के साथ ही जारी किया गया था. राज्य में एक ही चरण में मतदान होगा. 19 अप्रैल को मतदान होना है. जबकि रिजल्ट 2 जून को लोकसभा चुनाव रिजल्ट से दो दिन पहले आएगा.
मतदान से पहले ही अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी को 10 सीटों पर मिली जीत
अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग 19 अप्रैल को होगी. लेकिन उससे पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने 10 सीटों पर जीत दर्ज कर ली. मुख्यमंत्री पेमा खांडू सहित 10 विधायकों ने निर्विरोध जीत दर्ज की.
बीजेपी को इन सीटों पर मिली जीत
मुख्यमंत्री पेमा खांडू – मुक्तो
चौना मीन – चौखामा
रातू तेची – सगाली
जिक्के ताको – ताली
न्याजो डुकोम – तालिहा
मुच्चू मिठी – रोइंग
हेज अप्पा – जीरो हापोली
तेजी कासो – इटानगर
डोंगरू सियोंग्जू- बोमडिला
दासंगलू पुल – हयुलियांग
विधानसभा चुनाव में 169 उम्मीदवार मैदान में
राज्य की 60 विधानसभा सीटों के लिए कुल मिलाकर 169 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे. विधानसभा चुनाव के लिए वैध नामांकनों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 59, कांग्रेस के 23, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के 16 और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के 23 उम्मीदवार शामिल हैं. विधानसभा चुनाव में कुल 29 स्वतंत्र उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे.
अरुणाचल प्रदेश की दो लोकसभा सीटों पर 14 उम्मीदवार लड़ेंगे चुनाव
अरुणाचल प्रदेश की दो लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं. केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री किरेन रीजीजू और अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नबाम तुकी ने अरुणाचल पश्चिम लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया है. वहीं इसी सीट पर आठ उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. राज्य की दोनों लोकसभा सीटों से आठ स्वतंत्र उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.
2019 में बीजेपी का रहा था दबदबा
2019 में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया था. 60 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के खाते में 41 सीटें आयी थी. जबकि जनता दल (यूनाइटेड) ने 7सीटें, नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) ने 5, कांग्रेस पार्टी ने 4, पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल (पीपीए) ने 1 सीट और निर्दलीय ने 2 सीटें जीतकर हासिल की थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










