नयी दिल्ली : पूरे उत्तर भारत में सोमवार को बर्फीली हवाओं से ठिठुरन रही और तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. दिल्ली में सुबह धूप खिलने के बावजूद तापमान बर्फीली हवाओं से सामान्य से एक डिग्री कम 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कश्मीर व लद्दाख में शीत लहर रही और तापमान में जमाव बिंदु से कई डिग्री की गिरावट देखी गयी. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. लेह में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री से अधिक की गिरावट देखी गयी और यह शून्य से 15.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वहीं कारगिल में शून्य से 21.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया.
पंजाब व हरियाणा में भी काफी ठंड रही, जबकि दोनों राज्यों में धूप ने लोगों के चेहरे खिला दिये. उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई और गरज के साथ छींटे पड़े.बर्फीली हवाओं ने राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर सहित अजमेर, बीकानेर, चुरु व श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी.