ePaper

छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने किसे कहा तानाशाह, राहुल गांधी के तीन सवालों का पीएम नरेंद्र मोदी से मांगा जवाब

Updated at : 29 Mar 2023 7:53 AM (IST)
विज्ञापन
छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने किसे कहा तानाशाह, राहुल गांधी के तीन सवालों का पीएम नरेंद्र मोदी से मांगा जवाब

छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल मंगलवार को लखनऊ में थे. उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में कहा कहा कि राहुल गांधी ने संसद में 3 सवाल किये, लेकिन एक भी जवाब पीएम मोदी की तरफ से नहीं आया. सत्ता पक्ष कह रहा है कि अडानी पर हमला देश पर हमला है.

विज्ञापन

लखनऊ: छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने लखनऊ से पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर करारा हमला बोला. उन्होंने उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कहा कि अडानी के खाते में 20 हजार करोड़ रुपये कैसे आये इन सवालों के जवाब न तो भारतीय जनता पार्टी के नेता दे रहें हैं और न ही प्रधानमंत्री मोदी कुछ बोल रहें हैं. बल्कि कहा यह जा रहा है कि अडानी पर हमला भारत पर हमला है.

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आपने देखा होगा कि दुनिया में तानाशाहों की लम्बी सूची है. चाहे हिटलर हो, मुसोलिनी हो, सद्दाम हुसैन हो, गद्दाफी से लेकर किंग जोंग तक, इन लोगों के काम करने के ढंग से हम सभी परिचित हैं. तानाशाह दो प्रकार के होते हैं, एक तो इस बात से डरता है कि लोग उससे डरना कहीं बंद न कर दे. दूसरा वह जो अपने विरोधियों के मुंह बंद कराकर कुचल देना चाहते हैं. यही नहीं वह विरोधियों को रास्ते से हटाने के लिए किसी स्तर तक जा सकते हैं.

उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है. संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है. अपने विरोधियों का दमन करने के लिए किसी स्तर पर जा रहें हैं, यह हमने देखा है. बीएस मुंजे जो आरएसएस के मुसोलिनी से सीखने गये थे कि तानाशाही को किस प्रकार से लागू किया जा सकता है. आज जो अमृतकाल मना रहे हैं और ऐसे में लोकतंत्र के गला घोटने की कार्यवाही और विपक्ष के द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब न देते हुए उसे अयोग्य घोषित करना, उसे दबाना, डराना धमकाना यह सब हो रहा है यह देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है.

हमारा देश प्रजातांत्रिक देश है. इसकी आजादी के लिए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे पूर्वजों ने बड़ी कुर्बानिया दी हैं. लंबी लड़ाई लड़ी हैं. अगर लोकतंत्र पर आंच आयेगी तो हम खामोश बैठने वाले नहीं हैं. पूरे देश में इसका विरोध हो रहा है. विपक्षी दलों के लोग भी इस घटना का विरोध कर रहें हैं. मेरा तो सीधा कहना है कि इधर-उधर की न बात कर यह बता कि काफिला लुटा कहां.

भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रेस के माध्यम से सवाले पूछे थे. आज वही सवाल लेकर मैं लखनऊ आया हूं. उन्हीं सवालों का जवाब हमें लेना है कि वह 20 हजार करोड़ किसका है? यह शेल कंपनियां किसकी थी? और जब कंपनियों के शेयर लगातार गिर रहे थे और जब 60 प्रतिशत तक गिर गया तब हमारे एसबीआई और एलआईसी के पैसे किसके आदेश पर अडानी की कंपनियों पर लगाया जा रहा था. यह बड़े सवाल हैं. जिनका जवाब हम आपके माध्यम से भाजपा सरकार से लेना चाहते हैं.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी को बचाने की जरूरत नहीं है. वह खुद देश के किसानों, मजदूरों, गरीबों, नौजवानों एवं महिलाओं की आवाज बन चुके हैं. उन्होंने लगभग 5 महीने की भारत जोड़ो यात्रा कर महंगाई, बेरोजगारी और समाज में जो खाई है, उसे पाटने की कोशिश की है. सवाल राहुल गांधी का नहीं है बल्कि देश का है. इस बात का है कि प्रधानमंत्री मोदी का अडानी से क्या संबंध है?

उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, ललित मोदी, मेहुल चौकसी पिछड़ी जाति से नहीं आते. सरनेम लिखने से किसी की जाति का पता नहीं चलता. इसलिए भाजपा मुद्दे को भटाकने का काम न करे. उन्होंने कहा कि पिछड़ों को लेकर भाजपा की सोच जगजाहिर है. अगर भाजपा पिछड़ों की हितैषी है तो अब तक जातीय जनगणना क्यों नहीं करायी? उन्होंने कहा कि अभी तक यूपी के नगरीय निकाय चुनाव क्यों नहीं कराये गये?

प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, प्रांतीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री नकुल दुबे, अनिल यादव, संगठन सचिव अनिल यादव, कोषाध्यक्ष शिव पांडेय, मीडिया संयोजक अशोक सिंह मौजूद थे.

विज्ञापन
Amit Yadav

लेखक के बारे में

By Amit Yadav

UP Head (Asst. Editor)

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola