Hathras Case : यूपी पुलिस को अधिक संवेदनशील होना चाहिए, संसदीय समिति संज्ञान लेगी : भाजपा सांसद
live updates hathras gangrape : यूपी के हाथरस में हुए गैंगरेप का गुस्सा पूरे देश में दिखाई दे रहा है. मृतक पीड़िता को इंसाफ दिलाने के लिए पूरा देश एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहा है. बता दें, पीड़िता की मौत के बाद उसका जबरन अंतिम संस्कार कर दिया गया, इसपर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं. राजनीतिक दलों ने यूपी सरकार पर हमला तेज कर दिया है. इनसबके बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज ही पीड़िता के परिवार से हाथरस में मुलाकात कर रही हैं. उसके साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी हाथरस जा रहे हैं. हाथरस गैंगरेप मामले को लेकर एसआइटी जांच शुरू हो गई है. लगातार अपडेट के लिए बने रहें हमारे साथ…
उप्र पुलिस को अधिक संवेदनशील होना चाहिए, संसदीय समिति संज्ञान लेगी : भाजपा सांसद
अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों के कल्याण पर संसद की स्थायी समिति के प्रमुख और भाजपा सांसद किरीट सोलंकी ने गुरुवार को कहा कि हाथरस कांड की दलित पीड़िता का अंतिम संस्कार देर रात में किये जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई से लोगों में गुस्सा है. उत्तर प्रदेश पुलिस को अधिक संवेदनशील और जिम्मेदार होना चाहिए. हाथरस कांड को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार देते हुए सोलंकी ने कहा कि वह घटना की कड़ी निंदा करते हैं और मामले में दुष्कर्म के आरोप सिद्ध होने पर दोषियों को फांसी पर लटकाया जाना चाहिए.
हाथरस मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने लिया संज्ञान
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने हाथरस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च अधिकारियों को नोटिस जारी किये.
गौतमबुद्ध नगर में 31 अक्तूबर तक लगायी गयी धारा 144 लागू
गौतमबुद्ध नगर में एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक धारा 144 लागू की गयी है. इस संबंध में अपर पुलिस उपायुक्त की ओर से आदेश जारी किया गया है. अनलॉक- 5 के तहत अपर पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) आशुतोष द्विवेदी ने गुरुवार को आदेश जारी किया है. उन्होंने बताया कि अक्तूबर माह में कई त्योहार भी हैं, जिसकी वजह से पूरे माह जनपद में धारा 144 लागू की गयी है.
पीड़िता के परिवार से मिलने की नहीं दी जा रही अनुमति : सीमा कुशवाहा
साल 2012 के दिल्ली गैंगरेप मामले में पीड़िता की वकील सीमा कुशवाहा ने कहा है कि परिवार (कथित गैंगरेप पीड़िता के) ने मुझे हाथरस में बुलाया है. क्योंकि, वे चाहते हैं कि मैं उनके कानूनी वकील के रूप में खड़ा रहूं. मुझे उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है. क्योंकि, प्रशासन का कहना है कि यह कानून और व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित करेगा.
दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में दो अक्तूबर को गांधी प्रतिमाओं के समीप प्रदर्शन करेंगे वामदल
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर वामपंथी दलों ने एलान किया है कि शुक्रवार को वे लोग गांधी प्रतिमाओं के समीप एकत्र होकर आक्रोश जतायेंगे. शुक्रवार को ही गांधी जयंती है. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव डॉक्टर गिरीश ने कहा ”शासन का नैतिक अधिकार खो चुके मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है. उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए.” उन्होंने आरोप लगाया कि बालिकाओं और महिलाओं से दरिंदगी और उनकी जघन्य हत्याओं को रोक पाने में पूरी तरह विफल योगी सरकार दरिंदगी के खिलाफ उठ रही हर आवाज को कुचलने पर उतर आयी है. उन्होंने कहा ‘‘हाथरस में धारा 144 लागू कर दी गयी है और विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है.” डॉक्टर गिरीश ने कहा कि ”शाहजहांपुर, बुलंदशहर, आजमगढ़ में भी इस तरह की जघन्य घटनाएं सामने आयी हैं. वाम दलों ने तय किया है कि शुक्रवार को गांधी जयंती पर बेटियों को न्याय दिलाने, हर तरह का उत्पीड़न रोकने, नफरत की राजनीति आदि के मुद्दे पर गांधी जयंती पर गांधी जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद विरोध प्रदर्शन किया जायेगा”
राहुल गांधी के साथ ‘बुरे बर्ताव’ के लिए राकांपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश पुलिस की निंदा की
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के काफिले को रोके जाने पर पार्टी प्रमुख शरद पवार सहित राकांपा नेताओं ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना की. कांग्रेस नेता हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे थे और इसी दौरान पुलिस ने उनके काफिले को रोक लिया. उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा ग्रेटर नोएडा में रोके जाने के बाद कांग्रेस नेता पैदल ही हाथरस की ओर बढ़ गये. पवार ने ट्वीट किया कि राहुल गांधी के प्रति उत्तर प्रदेश पुलिस का ‘बुरा बर्ताव’ ‘अति निंदनीय’ है. पवार ने ट्वीट किया, ‘‘यह उन लोगों के लिए निंदनीय है, जिन पर कानून बनाये रखने का जिम्मा है, लेकिन वे इस तरह से लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचल रहे हैं.”
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए