सिल्क साड़ी खरीदते समय न करें ये गलती, पहले समझें ये 6 सिल्क की पहचान
सिल्क साड़ी पहने हुए महिलाओं की सांकतिक फोटो
Silk Saree Guide: सिल्क साड़ी खरीदते समय अक्सर लोग सिर्फ रंग और डिजाइन देखकर फैसला कर लेते हैं. लेकिन हर सिल्क साड़ी की अपनी अलग बुनाई, बनावट और खासियत होती है. अगर आपको अलग-अलग सिल्क की पहचान पता हो, तो अपने लिए सही साड़ी चुनना काफी आसान हो जाता है.
Silk Saree Guide: भारतीय महिलाओं की वॉर्डरोब में सिल्क साड़ी की अपनी खास जगह होती है. शादी, त्योहार, पूजा या किसी खास मौके पर इसे पहनना आज भी पसंद किया जाता है. बाजार में कांजीवरम, बनारसी, तसर, मैसूर और कई तरह की सिल्क साड़ियां मिलती हैं. पहली बार खरीदारी करने वालों के लिए यह समझना थोड़ा मुश्किल हो सकता है कि कौन-सी सिल्क किस मौके के लिए सही रहेगी. अगर आप भी सिल्क साड़ी खरीदने की सोच रही हैं, तो पहले इन अलग-अलग सिल्क साड़ियों की खासियत जान लें.
कांजीवरम सिल्क

कांजीवरम सिल्क तमिलनाडु की सबसे मशहूर सिल्क साड़ियों में गिनी जाती है. इसकी बुनाई मजबूत होती है और साड़ी का कपड़ा थोड़ा भारी महसूस होता है. इन साड़ियों में चौड़े बॉर्डर, गोल्ड या सिल्वर जरी का काम और ट्रेडिशनल डिजाइन आसानी से पहचान में आ जाते हैं. अगर आप शादी या किसी बड़े पारिवारिक समारोह के लिए साड़ी खरीद रही हैं, तो यह अच्छा ऑप्शन हो सकती है.
बनारसी सिल्क

बनारसी सिल्क अपने खूबसूरत डिजाइन और बारीक कारीगरी के लिए जानी जाती है. इस साड़ी पर फूल, बेल-बूटे और पारंपरिक पैटर्न देखने को मिलते हैं. इसकी खास बात यह है कि यह शादी से लेकर त्योहार तक लगभग हर खास मौके पर पहनी जा सकती है. यही वजह है कि बनारसी सिल्क कभी भी फैशन से बाहर नहीं होती.
मैसूर सिल्क

अगर आपको ज्यादा भारी साड़ी पहनना पसंद नहीं है, तो मैसूर सिल्क आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती है. यह काफी मुलायम और हल्की होती है. इसका सादा और चमकदार लुक इसे बेहद एलिगेंट बनाता है. ऑफिस फंक्शन, पूजा या छोटे पारिवारिक कार्यक्रमों में इसे आसानी से पहना जा सकता है.
ऑर्गेंजा और कोरा सिल्क

आजकल ऑर्गेंजा और कोरा सिल्क की साड़ियां भी काफी पसंद की जा रही हैं. ये हल्की होती हैं और पहनने पर स्टाइलिश लुक देती हैं. पेस्टल रंगों और हल्की कढ़ाई वाली ऑर्गेंजा साड़ियां दिन के फंक्शन, पार्टी या फेस्टिव सीजन के लिए अच्छी मानी जाती हैं.
तसर सिल्क

तसर सिल्क अपनी प्राकृतिक बनावट के कारण बाकी सिल्क साड़ियों से अलग दिखाई देती है. इसमें हल्की सुनहरी चमक होती है और कपड़ा काफी आरामदायक होता है. कई तसर सिल्क साड़ियों पर प्रिंट या धागों की सुंदर कढ़ाई भी देखने को मिलती है.
इक्कत और पटोला सिल्क

इक्कत और पटोला सिल्क अपनी खास डिजाइन के लिए जानी जाती हैं. इन साड़ियों में धागों को पहले रंगा जाता है और फिर उनसे बुनाई की जाती है. यही कारण है कि इन पर बने ज्योमेट्रिक पैटर्न काफी अलग और आकर्षक दिखाई देते हैं. अगर आपको यूनिक डिजाइन पसंद हैं, तो ये साड़ियां अच्छी पसंद हो सकती हैं.
सिल्क साड़ी खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
सिल्क साड़ी खरीदते समय सिर्फ उसका रंग या डिजाइन ही न देखें. उसकी बुनाई, कपड़े की गुणवत्ता, वजन और उसे पहनने का मौका भी ध्यान में रखें. सही जानकारी होने पर अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से सिल्क साड़ी चुनना आसान हो जाता है और आपका चुनाव लंबे समय तक पसंद आता है.
यह भी पढ़ें: साड़ी पहनने का असली सीक्रेट जान लें, हर बार लोग कहेंगे, वाह! वाह!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनुष्का सिंह
अनुष्का सिंह प्रभात खबर डिजिटल में लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं. वह फैशन, ब्यूटी, स्किनकेयर, होम डेकोर, गार्डनिंग, घरेलू टिप्स और रोजमर्रा की लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर खबरें लिखती हैं. इसके अलावा वह बदलते लाइफस्टाइल ट्रेंड्स, मौसमी देखभाल, हेल्थ टिप्स और घर को बेहतर बनाने से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी पाठकों तक पहुंचाती हैं. उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी, रांची से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है. उनकी कोशिश रहती है कि पाठकों को आसान भाषा में सटीक, भरोसेमंद और उपयोगी जानकारी मिले, जिसे वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी से अपना सकें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए