झारखंड: चंदवा थाने के चौकीदार की गोली मारकर हत्या, विरोध में सड़क जाम, जांच में जुटी पुलिस
Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 07 Nov 2023 8:51 PM
चौकीदार मो सदीक अंसारी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना चंदवा-माल्ह्न-मैक्लुस्कीगंज (सीएमएम) पथ स्थित दुबी पेट्रोल पंप के समीप की है. सदीक माल्हन पंचायत के चौकीदार थे. इसके विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दी.
चंदवा, सुमित: झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा में मंगलवार की दोपहर बाद स्थानीय थाना में कार्यरत चौकीदार मो सदीक अंसारी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी है. घटना चंदवा-माल्ह्न-मैक्लुस्कीगंज (सीएमएम) पथ स्थित दुबी पेट्रोल पंप के समीप की है. सदीक माल्हन पंचायत के चौकीदार थे. इसके विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दी. जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर बाद वे अपनी बाइक से थाने के काम को लेकर माल्हन गांव गये थे. यहां से लौटने के क्रम में उस स्थान पर अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी. हत्या के पीछे किसका हाथ है? इस संबंध में अब तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है. यह आपराधिक घटना है या उग्रवादी घटना इस पर भी संशय बना हुआ है.
भाकपा नेता ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर के बाद सदीक उस स्थान पर घायल पड़े थे. इस दौरान लोहरसी की ओर से चंदवा आ रहे भाकपा नेता प्रमोद साहू की नजर उनपर पड़ी. पहचान के बाद उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी चंदवा थाने को दी. मानवता का परिचय देते हुए उन्हें ऑटो की मदद से अस्पताल पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों की मानें तो उन्हें सिर व छाती के नीचे एक-एक गोली लगी है.
Also Read: झारखंड: 15 लाख के इनामी माओवादी सबजोनल कमांडर नवीन यादव ने किया सरेंडर, बूढ़ा पहाड़ से था कनेक्शन
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. यहां पुलिस ने एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद किया है. यहा काफी मात्रा में खून फैला था. फिलहाल पुलिस कुछ भी नहीं बता पा रही है. अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. मृतक चौकीदार अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्री व चार पुत्र छोड़ गए हैं. सदीक पूरे प्रखंड में काफी मिलनसार चौकीदार थे. थाने के हर मामले में वह बढ़चढ़ कर आगे रहते थे. समाज में भी उनकी अच्छी पकड़ थी.
परिजनों व ग्रामीणों ने की सड़क जाम
अस्पताल में चौकीदार की मौत की सूचना पूरे शहर में आग की तरह फैल गयी. धीरे-धीरे यहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गये. लोग शव लेकर इंदिरा गांधी चौक पहुंचे. शव के साथ सड़क जाम कर दिया. लोग जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने, चंदवा की बिगड़ी कानून व्यवस्था को दुरूस्त करने व मुआवजा देने की मांग कर रहे थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










