हिमाचल चुनाव: जेपी नड्डा बोले- लंबे समय तक कांग्रेस ने राज किया, दुनिया में नहीं दिला पाए भारत की पहचान

Himachal Election 2022: शिमला के रामपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
Himachal Election 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार को शिमला के रामपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. जेपी नड्डा ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस के लोगों ने प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठकर देश पर राज किया. लेकिन, भारत को दुनिया में पहचान नहीं दिला पाए. वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 8 सालों में ही भारत को दुनिया के नक्शे पर खड़ा कर दिया और आगे बढ़ा दिया है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए अपने संबोधन में आगे कहा कि जिन लोगों ने कुछ काम नहीं किया, वो हमेशा चुनाव को उलझाने का काम करते हैं. मतदाता को भटकाने का काम करते हैं और प्रजातंत्र की चलती हुई गाड़ी को अटकाने का काम करते हैं. वहीं, जो लोग मेहनत और विश्वास के साथ विकास के लिए जुड़ते हैं. वह सुलझाने और विकास का काम करते हैं.
जेपी नड्डा ने कहा कि एक समय था जब भारत सिम कार्ड खरीदता था, लेकिन आज भारत देने वाला हो गया है, हम खरीदते नहीं बेचते हैं. उन्होंने कहा कि मोबाइल में दूसरे नंबर का उत्पादन भारत कर रहा है. सौर ऊर्जा में पांचवें नंबर पर हैं. बीजेपी नेता ने कहा कि ब्रिटेन को पछाड़ कर भारत पांचवें नंबर की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि हमने कभी नहीं कहा था कि बिलासपुर को ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज देंगे, लेकिन हमने दिया. ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज हमने जनता को समर्पित कर दिया. अब आपको इलाज के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा, बिलासपुर में ही इलाज हो जाएगा. जेपी नड्डा ने कहा कि जब-जब डबल इंजन, सिंगल इंजन होता है, हिमाचल की गाड़ी लड़खड़ा जाती है. अटल जी ने लद्दाख जाने वाली रोड पर मनाली में सुरंग के लिए शिलान्यास 2002 में किया था. 2004 में सरकार चली गई हिमाचल लड़खड़ा गया, जब 2014 में केंद्र में मोदी जी की सरकार आई, तब अटल टनल का काम शुरू हुआ. कभी हमने कहा था कि हिमाचल को बल्क ड्रग पार्क देंगे, आज ऊना में बल्क ड्रग पार्क बनने जा रहा है. जो फार्मा की दुनिया में हिमाचल प्रदेश को विश्व के नक्शे पर खड़ा कर देगा. मेडिकल डिवाइस पार्क, आईआईएम पहले सिर्फ हमलोग सुनते थे, आज हिमाचल में है.
बीजेपी चीफ जेपी नड्डा ने कहा कि पहले हिमाचल की महिलाएं सुबह उठकर जंगल जाती थीं, लकड़ियां काटकर लाती थीं और तब चूल्हा जलाती थीं. आज ‘उज्जवला योजना’ के तहत प्रधानमंत्री मोदी ने हर घर में गैस सिलेंडर पहुंचाया है. इस तरह डबल इंजन सरकार ने हिमाचल में महिलाओं का सशक्तिकरण किया है. जेपी नड्डा ने कि पहले हमारी माताएं-बहनें शौच के लिए खेतों में जाया करती थीं, आज हिमाचल के घर-घर में शौचालय बन गया है. मोदी जी के नेतृत्व में हिमाचल में 1 लाख 90 हजार शौचालय बनाकर महिलाओं को सम्मान देने का काम किया. महिलाओं को ताकत देकर उन्हें मुख्यधारा में शामिल किया.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Kumar
More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




