UPMSP: टॉपिक्स को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटें, कम तैयारी वाले विषय को दें प्राथमिकता, जानें महत्वपूर्ण टिप्स

UP Board Exam 2023: यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के छात्रों के पास बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने के लिए बहुत कम समय बचा है. इस थोड़े समय में छात्र-छात्राएं ऐसा क्या करें कि निर्धारित समय में उनकी तैयारी पूरी हो जाए. इस खबर में परीक्षा की तैयारी और सैंपल पेपर को लेकर जानकारी दी गई है.
UP Board Exam 2023: यूपी बोर्ड की 10वीं-12वीं की परीक्षा की डेटशीट जारी हो चुकी है. हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 16 फरवरी, 2023 से होंगी. ऐसे में अधिकतर छात्रों की शिकायत रहती है कि, परीक्षा के आखिरी समय में पढ़ा हुआ कुछ याद नहीं रहता. छात्रों को लगने लगता है कि, मानों उन्होंने कोई तैयारी ही नहीं की है. दरअसल, ऐसा किसी एक छात्र या छात्रा के साथ नहीं बल्कि, सभी के साथ होता है, और ये नॉर्मल है, लेकिन कुछ आसान तरीकों से आप अपनी तैयारी को परखने के साथ-साथ और मजबूत बना सकते हैं.
ये सच है कि यूपी बोर्ड परीक्षा (UP Board Exam 2023) की तैयारी करने के लिए छात्रों के पास बहुत अधिक समय नहीं बचा है. इस थोड़े समय में छात्र-छात्राएं मॉडल पेपर के जरिए अपनी तैयारी कर सकते हैं. बोर्ड ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर सैंपल पेपर अपलोड कर दिए हैं. छात्र नीचे दिए गए सिंपल स्टेप फॉलो कर आसानी से पेपर डाउनलोड कर सकते हैं.
दरअसल, अधिकतर छात्र पढ़ाई का टाइम टेबल बना तो लेते हैं, लेकिन उसे फॉलो नहीं कर पाते. सबसे पहले खुद से निश्चय करें कि जो टाइम टेबल बनाया है उसे पूरी ईमानदारी से फॉलो करेंगे. इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले मोबाइल से दूरी और नींद पूरी होना बहुत जरूरी है. जब तक आपकी नींद पूरी नहीं होती है, तब तक आप किसी भी काम को ठीक तरह से नहीं कर पाते हैं, और पढ़ा हुआ याद करना भी काफी मुश्किल हो जाता है, क्योंकि पढ़ते समय नींद आने लगती है.
-
सबसे पहले एकांत में पढ़ाई की जगह तैयार करें.
-
पढ़ाई करने के लिए एक सही समय का चुनाव करें.
-
पढ़ाई का टाइम टेबल बनाएं.
-
टॉपिक्स को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटे.
-
जिस विषय की कम तैयारी है उसे लिस्ट में पहले प्राथमिकता दें.
-
लगातार 40 मिनट पढ़ने के बाद बीच में एक ब्रेक जरूर लें, ये ब्रेक 10 मिनट से अधिक नहीं होना चाहिए.
-
प्रत्येक विषय में आपको क्या पढ़ना है यह तय कर लें.
-
यह लिखकर रख लें कि आपकी कितनी परीक्षाएं हैं और किस दिन आपको उनमें बैठना है.
-
पढ़ाई के साथ-साथ समय पर खाना-पान का भी ध्यान रखें, कोशिश करें कि पोषक तत्वों से भरपूर भोजन का ही सेवन करें
-
मानसिक स्वास्थ्य के लिए सुबह उठने के बाद सैर पर निकलें, योग करें या फिर घर में ही कोई व्यायाम कर लें.
यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल का कहना है कि छात्र-छात्राओं के लिए परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर मॉडल पेपर अपलोड कर दिये गए हैं. परीक्षार्थी इसके माध्यम से अपनी तैयारी को मजबूत कर सकते हैं. इसका सबसे ज्यादा लाभ ओएमआर शीट पर उत्तर देने को लेकर हाईस्कूल के परीक्षार्थी उठा सकते हैं. शुक्ल ने कहा कि, वेबसाइट पर पाठ्यक्रम के प्रमुख विषयों के मॉडल पेपर उपलब्ध कराए गये हैं, जिसमें 10वीं और 12वीं के हिंदी, गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, इतिहास, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, भौतिकी, रसायन विज्ञान समेत करीब 25 प्रमुख विषय शामिल हैं.
छात्रों को सबसे पहले यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. यहां होज पेज पर दाईं और उपलब्ध मॉडल पेपर लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद अपसे आपकी क्लास के बारे में पूछा जाएगा, यहां अपनी क्लास का चयन करें. इसके बाद अलग-अलग सब्जेक्ट की लिस्ट नजर आएगी. आप अपनी जरूरत के अनुसार मॉडल पेपर डाउनलोड कर सकते हैं. पेपर डाउनलोड करने के बाद पीडीएफ की प्रिंट करा लें या कहीं सेव कर लें.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने 10वीं -12वीं कक्षा के छात्रों के लिए बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है. यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जोकि 4 मार्च तक चलेंगी. इस बार हाईस्कूल में 16 लाख 98 हजार 23 छात्र और 14 लाख 18 हजार 462 छात्राएं पंजीकृत हैं. इसके अलावा इंटरमीडिएट में 15 लाख 31 हजार 571 छात्र और 12 लाख 19 हजार 342 छात्राओं ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sohit Kumar
Passion for doing videos and writing content in digital media. Specialization in Education and Health Story
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




