Bigg Boss 20 House Reveal: सामने आया नया घर, पहली झलक में ही चौंका देगा डिजाइन
बिग बॉस हाउस
बिग बॉस 20 का घर इस बार हकीकत और कल्पना की सीमा को धुंधला कर रहा है. चाय की केतली सोफे में बदल जाती है और ऑक्टोपस शतरंज खेलता दिखता है. Room No. 20 में एक बड़ा रहस्य छिपा है जिसका खुलासा जल्द होगा.
Bigg Boss Hindi Season 20 House: बिग बॉस के नए सीजन का आगाज होने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं और इस बार शो का घर ही दर्शकों के लिए सबसे बड़ा सरप्राइज बनने वाला है. सीजन 20 के लिए तैयार किया गया नया बिग बॉस हाउस किसी सपनों की दुनिया से कम नहीं है. यहां रोजमर्रा की चीजें अपने असली रूप में नहीं, बल्कि एकदम अनोखे और सरप्राइजिंग अंदाज में नजर आएंगी. घर की थीम इस बार Reality और Imagination के बीच की सीमा को धुंधला करने पर आधारित है.
कहीं सोफा बना चाय की केतली, तो कहीं ऑक्टोपस खेल रहा शतरंज
बिग बॉस 20 के घर में कदम रखते ही कंटेस्टेंट्स को कई ऐसे डिजाइन देखने को मिलेंगे, जिन्हें पहली नजर में समझना भी मुश्किल होगा. घर के अलग-अलग हिस्सों में आम चीजों को बिल्कुल अलग रूप दिया गया है.
घर में एक विशाल चायदानी सीधे सोफे में बदलती हुई नजर आती है. वहीं एक विशाल ऑक्टोपस अपने टेंटेकल्स में शतरंज की गोटियां थामे दिखाई देता है. समुद्र की अनिश्चितता और शतरंज की चालाकी को एक साथ जोड़ने वाला यह डिजाइन बिग बॉस के गेम की रणनीति की ओर भी इशारा करता है.
इसके अलावा हॉट एयर बैलून को एक आरामदायक बैठने की जगह में बदल दिया गया है. वहीं फूलों से निकलता हुआ एक अनोखा नल घर की खूबसूरती को एक अलग ही surreal touch देता है.
View on Instagram
बिग बॉस के घर में हर तरफ हैं ‘आंखें’
इस बार घर की सबसे दिलचस्प चीजों में से एक हैं जगह-जगह बनी हुई आंखें. दीवारों और अलग-अलग स्पेस में नजर आती ये आंखें बिग बॉस के सबसे पुराने और अहम नियम की याद दिलाती हैं—घर में कुछ भी छिपा नहीं है.
कंटेस्टेंट्स चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, कैमरों की नजर से बचना आसान नहीं होगा. ऐसे में घर का डिजाइन सिर्फ खूबसूरती के लिए नहीं, बल्कि शो की मूल भावना को दर्शाने के लिए भी तैयार किया गया है.
Room No. 20 में क्या है? मेकर्स ने बढ़ाया सस्पेंस
सीजन 20 के घर का सबसे बड़ा सस्पेंस फिलहाल Room No. 20 को लेकर है. इस खास कमरे को एक रहस्यमयी अंदाज में तैयार किया गया है. कमरे के अंदर आखिर क्या है और इसका गेम में क्या रोल होगा, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है.

यानी शो शुरू होते ही दर्शकों को एक और बड़ा सरप्राइज मिलने वाला है. Room No. 20 का राज सीजन की कहानी में कितना बड़ा ट्विस्ट लेकर आएगा, यह देखना दिलचस्प होगा.
आर्ट डायरेक्टर वर्षा जैन ने बताया घर के पीछे का आइडिया
सीजन 20 के घर की डिजाइनिंग को लेकर आर्ट डायरेक्टर वर्षा जैन ने बताया कि इस बार कोशिश ऐसी दुनिया बनाने की थी, जो दर्शकों की सोच और नजरिए को लगातार चुनौती दे.
उनके मुताबिक, घर में ऐसी चीजों और प्रतीकों को चुना गया है जिन्हें दर्शक तुरंत पहचान सकें, लेकिन उन्हें बिल्कुल अप्रत्याशित रूप में पेश किया गया है. इसी वजह से चायदानी सोफा बन जाती है, ऑक्टोपस शतरंज खेलता नजर आता है और हॉट एयर बैलून बैठने की जगह में तब्दील हो जाता है.
वर्षा जैन के मुताबिक, घर में मौजूद आंखें पूरे कॉन्सेप्ट को वापस बिग बॉस की मूल भावना से जोड़ती हैं—कुछ भी नजरों से छिपा नहीं है.

इस बार घर भी होगा Bigg Boss के गेम का हिस्सा
Bigg Boss 20 का नया घर सिर्फ कंटेस्टेंट्स के रहने की जगह नहीं होगा. इसका हर कोना शो की थीम का हिस्सा बनाया गया है. कहीं चीजें परिचित होकर भी अजनबी लगेंगी, तो कहीं कल्पना और वास्तविकता के बीच का फर्क मिटता नजर आएगा.
यानी इस बार बिग बॉस में सिर्फ कंटेस्टेंट्स ही नहीं, बल्कि घर भी अपना खेल खेलता दिखाई देगा.
अब देखना होगा कि Room No. 20 का रहस्य क्या है और इस अजीबोगरीब लेकिन बेहद दिलचस्प घर में एंट्री लेने वाले कंटेस्टेंट्स इसे किस तरह देखते हैं.
Bigg Boss Hindi Season 20 का प्रीमियर 6 सितंबर को होगा. शो रात 9 बजे JioHotstar और रात 10:30 बजे COLORS पर प्रसारित किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए