लहंगा-चोली से AI तक पहुंची भोजपुरी, 'एआई है कि दे आई है' गाने का सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक, देखें वीडियो
'आई है की दे आई है' -भोजपुरी गाना-फोटो
भोजपुरी गाना 'एआई है कि दे आई है' सोशल मीडिया पर चर्चा में है. AI पर बने इस गाने को लेकर एक युवती ने मजेदार अंदाज में भोजपुरी इंडस्ट्री पर तंज कसा है.
भोजपुरी इंडस्ट्री का तो अलगै जलवा है...पहिले लहंगा-चोली, होठलाली और कमर पर गाना बनता था, अब AI भी गाने का मुद्दा बन गया. दुनिया अभी AI का मतलब समझने में जुटी है और भोजपुरी वाले उस पर भी गाना बनाकर ले आए. 'एआई है कि दे आई है'(AI hai Ki De Aai Hai) नाम का यह गाना 2026 में आया है. इसे विशाल भट्ट और डोली रानी ने गाया है. लेकिन भइया, एक बात समझ में नहीं आती. मुद्दा तो नया मिल जाता है, मगर गाने के बोल घूम-फिरकर महिलाओं के शरीर और डबल मीनिंग पर ही क्यों अटक जाते हैं?
आपको बता दें कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई (AI) ने आज पूरी दुनिया में धूम मचा रखी है. चाहे कोई भी क्षेत्र हो, एआई हर जगह अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक नए और मजेदार वीडियो ने यह साबित कर दिया है कि भोजपुरी संगीत और उसके ठेठ अंदाज के सामने एआई का दिमाग भी चकरा सकता है.
AI पर गाना देख युवती ने भोजपुरी इंडस्ट्री पर कसा तंज
ऐसे में 'एआई है कि दे आई है'(AI hai Ki De Aai Hai) गाने को लेकर इंस्टाग्राम पर sudha_s_here नाम के अकाउंट से एक रील शेयर की गई है. इसमें युवती भोजपुरी और हिंदी मिलाकर मजेदार अंदाज में अपनी बात रखती है. वह कहती है कि पूरी दुनिया AI से परेशान है और हर तरफ इसकी चर्चा है. लेकिन भोजपुरी इंडस्ट्री ने AI पर भी गाना बना दिया. युवती मजाक में कहती है कि AI खुद सदमे में होगा कि उस पर भी गाना बना दिया गया.
View on Instagram
हर नए ट्रेंड पर बन जाता है भोजपुरी गाना
वीडियो में युवती भोजपुरी गीतकारों की तेजी पर भी तंज कसती है. उसका कहना है कि भोजपुरी इंडस्ट्री में कोई भी नया मुद्दा हो, उस पर गाना बनाने में देर नहीं लगती. वह मजाकिया अंदाज में कहती है कि गीतकार कॉपी-पेन लेकर घूमते रहते हैं और जैसे ही कोई नया विषय मिलता है, तुरंत गाना लिखकर रिलीज कर देते हैं. उसके मुताबिक, दूसरे लोगों को जिस काम में समय लगता है, भोजपुरी इंडस्ट्री में वह काम कभी-कभी एक दिन, एक हफ्ते या कुछ ही घंटों में हो जाता है.
भोजपुरी गानों के बोल पर भी उठता रहा है सवाल
इस वीडियो में युवती ने भोजपुरी गानों की तेजी और हर ट्रेंड को गाने में बदलने की आदत पर मजाक किया है. हालांकि, भोजपुरी गानों को लेकर एक दूसरी बहस भी लंबे समय से चलती रही है. कई गानों में महिलाओं के शरीर और डबल मीनिंग वाले शब्दों के इस्तेमाल पर सवाल उठते हैं. ऐसे में चर्चा सिर्फ नए विषयों पर गाने बनाने की नहीं, बल्कि गानों के बोल और उनकी भाषा को लेकर भी होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: Ranbir Kapoor ने Elon Musk को दिलाई पुष्पक विमान की याद, उड़ने वाली कार पर कही ये बात
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए