Bhojpuri Bawaal: चाय पर भिड़ गए एल्विश यादव और निरहुआ, फिर अचानक एक 'सरनेम' ने कैसे बदल दिया पूरा खेल?
निरहुआ के साथ एल्विश, फोटो- इंस्टाग्राम
जियो हॉटस्टार के शो ‘भोजपुरी बवाल’ में एल्विश यादव और निरहुआ के बीच चाय को लेकर तीखी बहस हो गई. लेकिन जैसे ही 'यादव' सरनेम का कनेक्शन खुला, दोनों के तेवर बदल गए और बहस एक कप चाय शेयर करने वाले भाईचारे में बदल गई.
Bhojpuri Bawaal Yadav Vs Yadav: जियो हॉटस्टार का रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है. शो में भोजपुरी इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे नजर आ रहे हैं और हर एपिसोड में मनोरंजन के साथ खूब नोकझोंक भी देखने को मिल रही है. पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे नामों से सजे इस शो में अब एल्विश यादव की एंट्री ने भी माहौल को और दिलचस्प बना दिया है.
शो के प्रोमो में दिखा एल्विश यादव और निरहुआ का तेवर
हाल ही में शो का एक प्रोमो सामने आया, जिसमें एल्विश यादव और निरहुआ के बीच चाय को लेकर मजेदार बहस होती दिखाई दी. दोनों एक-दूसरे से भिड़ते नजर आए, लेकिन कहानी ने तब दिलचस्प मोड़ ले लिया जब दोनों को पता चला कि उनका सरनेम एक ही है. इसके बाद कुछ ही देर में उनकी बहस दोस्ती में बदल गई.
चाय से शुरू हुई बहस
प्रोमो में एल्विश यादव और निरहुआ आमने-सामने बैठे नजर आते हैं. बातचीत के दौरान दोनों के बीच एक-दूसरे की पहचान को लेकर मजाकिया अंदाज में तकरार शुरू हो जाती है. निरहुआ एल्विश को लेकर अनजान होने की बात कहते हैं, वहीं एल्विश भी अपने अंदाज में जवाब देते हैं. बातचीत आगे बढ़ती है तो दोनों के बीच गाय-भैंस और अपनी पहचान को लेकर भी मजेदार नोकझोंक देखने को मिलती है. एल्विश इस दौरान अपनी महंगी घड़ियां भी दिखाते नजर आते हैं.
View on Instagram
मामला उस वक्त और दिलचस्प हो जाता है जब चाय लेकर आया शख्स कहता है कि यह ‘यादव जी की चाय’ है. यह सुनकर दोनों चौंक जाते हैं। बातचीत में जब पता चलता है कि एल्विश और निरहुआ दोनों यादव हैं, तो अचानक उनके तेवर बदल जाते हैं.
‘आप यादव हैं तो पहले क्यों नहीं बताया?’
यादव सरनेम का कनेक्शन सामने आने के बाद एल्विश और निरहुआ एक-दूसरे को भाई कहने लगते हैं. एल्विश मजाक में पूछते हैं कि अगर आप यादव हैं तो पहले क्यों नहीं बताया. वहीं निरहुआ भी उन्हें अपने पास बुलाते हैं. इसके बाद दोनों के बीच एक-दूसरे को चाय पिलाने की होड़ लग जाती है.

बात यहां तक पहुंचती है कि दोनों एक ही कप की चाय शेयर करने के लिए भी तैयार हो जाते हैं. एल्विश पहले चाय की कुछ घूंट पीते हैं और फिर वही चाय निरहुआ को देते हैं. इस तरह कुछ देर पहले तक चल रही बहस का अंत भाईचारे और हंसी-मजाक के साथ होता है.
आम्रपाली और काजल ने भी खींचा ध्यान
‘भोजपुरी बवाल’ के इस एपिसोड में सिर्फ एल्विश और निरहुआ की नोकझोंक ही चर्चा में नहीं रही. आम्रपाली दुबे भी शो में नजर आईं. उन्हें एक मजेदार टास्क में आंखों पर पट्टी बांधकर अलग-अलग चीजें खिलाई गईं और उन्हें पहचानने के लिए कहा गया। इस दौरान शो में खूब हंसी-मजाक हुआ.
वहीं एपिसोड का दूसरा हिस्सा काफी इमोशनल रहा. काजल राघवानी ने अपने पिता के निधन की दर्दनाक खबर शेयर की. उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें फोन पर पिता की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली थी. इस घटना को याद करते हुए अभिनेत्री इमोशनल हो गईं.
यह भी पढ़ें: खेसारी लाल यादव ने कभी नहीं पीटा, काजल राघवानी बोली- मारने वाला कोई और था, नाम लिया तो मुंबई से गायब कर देगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए