दिल्ली के स्कूलों में Nursery के साथ LKG में भी मिलेगा एडमिशन, इस दिन से भरें फॉर्म
Nursery, LKG बच्चों की सांकेतिक तस्वीर (AI Generated)
Delhi Nursery Admission 2027-28: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी एडमिशन के लिए आवेदन की तारीखें घोषित हो गई हैं. इस बार Nursery के अलावा Lower KG और Upper KG में भी नए एडमिशन का मौका मिलेगा. जानें बच्चे की उम्र, जरूरी तारीखें और आवेदन से जुड़े नियम.
Delhi Nursery Admission 2027-28: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में अपने बच्चे का एडमिशन कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के लिए जरूरी खबर है. दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए एंट्री लेवल कक्षाओं में एडमिशन का शेड्यूल जारी कर दिया है. इसके तहत स्कूलों में आवेदन फॉर्म 1 दिसंबर 2026 से मिलने शुरू होंगे. अभिभावक 28 दिसंबर 2026 तक अपने बच्चे के एडमिशन के लिए आवेदन कर सकेंगे.
इस बार एडमिशन प्रक्रिया में Nursery के साथ Lower KG और Upper KG को लेकर भी बदलाव देखने को मिलेगा. शिक्षा निदेशालय ने नई व्यवस्था के तहत इन कक्षाओं के नाम और उम्र से जुड़े नियम तय किए हैं. ऐसे में अभिभावकों को आवेदन से पहले यह देखना होगा कि उनका बच्चा किस कक्षा में एडमिशन के लिए योग्य है.
1 दिसंबर से मिलेंगे एडमिशन फॉर्म
दिल्ली शिक्षा निदेशालय के शेड्यूल के मुताबिक, प्राइवेट स्कूल 23 नवंबर 2026 से अपनी एडमिशन पॉलिसी और पॉइंट सिस्टम की जानकारी अपलोड करना शुरू करेंगे. इसके बाद 1 दिसंबर से एडमिशन प्रक्रिया और आवेदन फॉर्म उपलब्ध होंगे. फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 28 दिसंबर 2026 तय की गई है.
स्कूलों को 4 जनवरी 2027 तक आवेदन करने वाले बच्चों की जानकारी और उन्हें दिए गए पॉइंट्स अपलोड करने होंगे. अभिभावक 5 से 11 जनवरी तक पॉइंट्स को लेकर अपनी आपत्ति या सवाल स्कूल के सामने रख सकेंगे. इसके बाद 12 जनवरी को फाइनल पॉइंट्स जारी किए जाएंगे.
Nursery, Lower KG और Upper KG की उम्र कितनी होनी चाहिए?
सत्र 2027-28 में Nursery में एडमिशन के लिए बच्चे की उम्र 31 मार्च 2027 तक 3 साल या उससे अधिक और 4 साल से कम होनी चाहिए. Lower KG में नए एडमिशन के लिए बच्चे की उम्र 4 साल या उससे अधिक और 5 साल से कम होनी जरूरी है. वहीं Upper KG में नए एडमिशन के लिए उम्र 5 साल या उससे अधिक और 6 साल से कम होनी चाहिए.
इस सत्र से Lower KG और Upper KG को नई व्यवस्था के तहत शामिल किया जा रहा है. पिछले सत्र यानी 2026-27 में Nursery में पढ़ रहे बच्चों को अगले सत्र में Lower KG में प्रमोट किया जाएगा. इसी तरह 2026-27 में KG में पढ़ रहे बच्चे अगले सत्र में क्लास 1 में जाएंगे.
अगर बच्चे की उम्र तय सीमा से एक महीने तक कम या ज्यादा है, तो स्कूल के हेड या प्रिंसिपल को उम्र में छूट देने का अधिकार होगा. इसके लिए अभिभावक को स्कूल में लिखित आवेदन देना होगा.
एडमिशन के लिए कितनी फीस देनी होगी?
शिक्षा निदेशालय ने साफ किया है कि स्कूल आवेदन के लिए अभिभावकों से अधिकतम 25 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस ही ले सकते हैं. यह फीस वापस नहीं की जाएगी. स्कूल का प्रॉस्पेक्टस खरीदना अनिवार्य नहीं होगा. यानी स्कूल अभिभावकों को प्रॉस्पेक्टस खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकते.
एडमिशन के लिए हर स्कूल अपना पॉइंट सिस्टम तय करेगा. स्कूलों को अपने एडमिशन क्राइटेरिया और पॉइंट्स की जानकारी वेबसाइट पर सार्वजनिक करनी होगी. अगर समान पॉइंट पाने वाले बच्चों की संख्या उपलब्ध सीटों से ज्यादा होती है, तो स्कूल पारदर्शी तरीके से ड्रॉ ऑफ लॉट्स यानी लॉटरी के जरिए चयन कर सकते हैं.
Delhi Nursery Admission Schedule for Entry Level Classes for Session 2027-28
जनवरी में आएगी पहली लिस्ट
दिल्ली शिक्षा निदेशालय के मुताबिक, एडमिशन के लिए पहली चयन सूची 20 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी. इसके बाद अभिभावक 21 से 28 जनवरी तक सूची में दिए गए पॉइंट्स को लेकर सवाल या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे. दूसरी सूची 5 फरवरी 2027 को जारी होगी. जरूरत पड़ने पर अगली सूची 22 फरवरी को जारी की जाएगी. एडमिशन की पूरी प्रक्रिया 12 मार्च 2027 तक समाप्त हो जाएगी.
ध्यान रहे कि यह शेड्यूल प्राइवेट अनएडेड मान्यता प्राप्त स्कूलों की ओपन सीटों के लिए है. EWS, DG और दिव्यांग बच्चों (CWSN) के लिए आरक्षित सीटों की एडमिशन प्रक्रिया अलग से संचालित होगी.
ये भी पढ़ें: SIDBI में ऑफिसर बनने का मौका, Grade A-B के पदों पर निकली भर्ती; हर महीने 1.45 लाख तक मिलेगी सैलरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
