WPL Auction: स्मृति मंधाना सबसे महंगी बिकी, 9 भारतीय क्रिकेटरों को 1 करोड़ रुपये से ज्यादा मिले

WPL Auction 2023: भारतीय टीम की सलामी बल्लेबाज महिला प्रीमियर लीग की सबसे महंगी खिलाड़ी बन गयी हैं. आरसीबी ने उन्हें 3.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. मंधाना को खरीदने के लिए आरसीबी और मुंबई इंडियंस में होड़ मची रही. बाद में आरसीबी ने बोली जीत ली.
टीम इंडिया की उप कप्तान स्मृति मंधाना महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के शुरुआती संस्करण के लिए सोमवार को हुई नीलामी में सबसे ज्यादा राशि में बिकी. मंधाना को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) ने बोली की टक्कर में मुंबई इंडियंस को हराते हुए 3.40 करोड़ रुपये (410,000 डॉलर) में खरीदा. वहीं, भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियंस ने सस्ते में अपनी टीम में शामिल किया. मंधाना का नीलामी में 1.8 करोड़ रुपये की राशि मिली.
मुंबई इंडियंस की सबसे महंगी खिलाड़ी इंग्लैंड की नैट स्किवर ब्रंट बनीं. एमआई ने उनके लिए अपने पर्स से 3.20 करोड़ रुपये निकाले. देखा जाए तो हरमनप्रीत कौर महंगा बिकने वाली भारतीय खिलाड़ियों में शीर्ष छह में भी शामिल नहीं है. देश की दूसरी सबसे महंगी बिकने वाली खिलाड़ी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा हैं, जिन्हें यूपी वारियर्स ने 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा. ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए मशहूर युवा शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स को दिल्ली कैपिटल्स ने क्रमश: दो और 2.20 करोड़ रुपये में खरीदा.
Also Read: WPL Auction 2023: स्मृति मंधाना पर लगा सबसे बड़ा दांव, RCB ने इतने करोड़ रुपये में खरीदा
ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर (मुंबई इंडियंस) और ऋचा घोष (आरसीबी) को भी 1.90 करोड़ रुपये मिले. जेमिमा और ऋचा को रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत से काफी फायदा मिला. यास्तिका भाटिया को मुंबई इंडियंस ने 1.50 करोड़ रुपये जबकि रेणुका को आरसीबी ने इतनी ही राशि पर अपने साथ जोड़ा. दिल्ली कैपिटल्स के लिये सबसे अच्छा सौदा समकालीन महिला क्रिकेट की बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक आस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग को 1.10 करोड़ रूपये में खरीदना रहा.
नीलामी के पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया की ऑफ स्पिन ऑलराउंडर एशले गार्डनर को गौतम अडानी की गुजरात जायंट्स ने 3.20 करोड़ रुपये (386,000 डॉलर) में खरीदा. गार्डनर और नैट स्किवर विदेशी खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा राशि हासिल करने वाले खिलाड़ी रहीं. ऑस्ट्रेलिया की ही स्टार ऑलराउंडर एलिस पैरी 1.70 करोड़ रुपये (205,000 डॉलर) में बिकीं जिनकी बोली आरसीबी ने जीती. आरसीबी ने न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डेविने को 50 लाख रुपये के सस्ते ‘बेस प्राइस’ में अपनी टीम में शामिल किया.
यूपी वारियर्स ने इंग्लैंड की बायें हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन को खरीदने में 1.80 करोड़ रूपये खर्च किये. पांच संभावित कप्तान मंधाना (आरसीबी), हरमनप्रीत (मुंबई इंडियंस), लैनिंग (दिल्ली कैपिटल्स), बेथ मूनी (गुजरात जायंट्स) और दीप्ति शर्मा (यूपी वारियर्स) हैं. कुल मिलाकर नीलामी में भारतीय खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी मेहरबान दिखी और यहां तक के अंडर19 वर्ल्ड कप टीम में शामिल खिलाड़ियों में भी दिलचस्पी दिखायी.
भाषा इनपुट के साथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




