सरकार ने 30 जून तक बढ़ायी Air India में बोली लगाने की समयसीमा

Updated at : 28 Apr 2020 8:28 PM (IST)
विज्ञापन
सरकार ने 30 जून तक बढ़ायी Air India में बोली लगाने की समयसीमा

सरकार ने एयर इंडिया के लिए बोली लगाने की समयसीमा को 30 जून तक बढ़ा दिया है. कोविड-19 महामारी के चलते दुनिया भर में आर्थिक गतिविधियां बाधित होने के मद्देनजर यह फैसला किया गया है.

विज्ञापन

नयी दिल्ली : सरकार ने एयर इंडिया के लिए बोली लगाने की समयसीमा को 30 जून तक बढ़ा दिया है. कोविड-19 महामारी के चलते दुनिया भर में आर्थिक गतिविधियां बाधित होने के मद्देनजर यह फैसला किया गया है. एयर इंडिया की नीलामी में बोलियां लगाने की समयसीमा को दूसरी बार बढ़ाया गया है. कर्ज में डूबी इस सरकारी विमानन कंपनी को बेचने की प्रक्रिया 27 जनवरी को शुरू की गयी थी. निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) ने एयर इंडिया की बिक्री के लिए अब संशोधित अभिरुचि पत्र जारी करते हुए कहा है कि कोविड-19 के चलते बने मौजूदा हालात में आईबी (इच्छुक बोलीदाताओं) के अनुरोध के मद्देनजर बाली लगाने की समय सीमा को बढ़ा दिया गया है.

इससे पहले भी जब सरकार की ओर से जनवरी में अभिरुचि पत्र जारी किया गया था, तब बोली की समयसीमा 17 मार्च तय की गयी थी. लॉकडाउन लागू होने के बाद उसे 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया था. अब इसे 30 जून तक बढ़ा दिया गया है. डीआईपीएएम ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि इसके अलावा बोली में योग्य पाये गये बोलीदाताओं (क्यूआईबी) को उसकी सूचना देने की तारीख को भी दो महीने के लिए बढ़ाकर 14 जुलाई कर दिया गया है. इसमें कहा गया कि महत्वपूर्ण तिथियों के संबंध में यदि आगे कोई और बदलाव होता है, तो इस बारे में इच्छुक बोलीदाताओं को सूचित किया जाएगा.

कोरोना वायरस महामारी की रोकथाम के लिए लागू किए गए लॉकडाउन से दुनिया भर में आर्थिक गतिविधियां बाधित हुई हैं. इससे पहले सरकार ने भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) में अपनी पूरी 52.98 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए निवेशकों द्वारा बोली जमा करने की तारीख को 13 जून तक बढ़ा दिया था. पहले यह समयसीमा 2 मई थी. सरकार ने 2018 में भी एयर इंडिया को बेचने की कोशिश की थी, लेकिन कामयाब नहीं हुई. उसके बाद जनवरी 2020 में एयर इंडिया के विनिवेश की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू की गयी.

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola