ePaper

Adani Enterprises: गौतम अदाणी बनाएंगे दुनिया का सबसे बड़ा तांबा संयंत्र, 1.2 अरब डॉलर से गुजरात में होगा तैयार

Updated at : 04 Feb 2024 2:12 PM (IST)
विज्ञापन
Adani Enterprises: गौतम अदाणी बनाएंगे दुनिया का सबसे बड़ा तांबा संयंत्र, 1.2 अरब डॉलर से गुजरात में होगा तैयार

Adani Enterprises: इस संयंत्र से आयात पर भारत की निर्भरता को कम करने और ऊर्जा बदलाव में मदद मिलेगी. मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने बताया कि 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश से तैयार हो रहा यह संयंत्र मार्च के अंत तक पहले चरण का परिचालन शुरू कर देगा.

विज्ञापन

Adani Enterprises: भारत के सबसे अमीर उद्योगपति गौतम अदाणी की कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) के द्वारा दुनिया का सबसे बड़ा एकल-स्थान तांबा संयंत्र बनाया जा रहा है. इस फैक्ट्री का निर्माण कंपनी गुजरात के मुद्रा में किया जा रहा है. सूत्रों ने कहा कि इस संयंत्र से आयात पर भारत की निर्भरता को कम करने और ऊर्जा बदलाव में मदद मिलेगी. मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने बताया कि 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश से तैयार हो रहा यह संयंत्र मार्च के अंत तक पहले चरण का परिचालन शुरू कर देगा. उन्होंने बताया कि संयंत्र मार्च, 2029 तक पूर्ण पैमाने पर 10 लाख टन क्षमता के साथ परिचालन शुरू करेगा.

Also Read: Adani Ports: तीन महीने में 65 प्रतिशत बढ़ गयी अदाणी पोर्ट्स की कमाई, 5% तक उछल गया शेयर का भाव

तेज होगा भारत में तांबा का उत्पादन

चीन और अन्य देशों की तरह भारत भी तांबे का उत्पादन तेजी से बढ़ा रहा है, जो जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल कम करने के लिए एक महत्वपूर्ण धातु है. ऊर्जा बदलाव के लिए महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों जैसे इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), चार्जिंग अवसंरचना, सौर फोटोवोल्टिक (पीवी), पवन ऊर्जा और बैटरी सभी में तांबे की जरूरत होती है. अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) की अनुषंगी कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड (केसीएल) दो चरण में 10 लाख टन सालाना क्षमता वाली तांबा रिफाइनरी परियोजना स्थापित कर रही है. पहले चरण में पांच लाख टन प्रति वर्ष की क्षमता शुरू की जाएगी. इसके लिए केसीएल ने जून, 2022 में वित्तपोषण हासिल किया था. सूत्रों में से एक ने कहा कि अदाणी समूह संसाधन कारोबार, लॉजिस्टिक, नवीकरणीय ऊर्जा और बुनियादी ढांचे में अपनी मजबूत स्थिति का लाभ उठाकर तांबे के कारोबार में वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनना चाहता है. उन्होंने कहा कि भारत में प्रति व्यक्ति तांबे की खपत लगभग 600 ग्राम है, जबकि वैश्विक औसत 3.2 किलोग्राम है.

अदाणी एंटरप्राइजेज ने कमाया 1,888 करोड़ रुपये

अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) का चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) का शुद्ध लाभ बढ़कर दोगुना से अधिक हो गया है. अरबपति गौतम अदाणी की अगुवाई वाले समूह की प्रमुख कंपनी ने कहा कि उसके मजबूत प्रदर्शन में नवीकरणीय ऊर्जा, हवाई अड्डों और सड़क व्यवसायों का विशेष योगदान रहा. कंपनी ने बयान में कहा कि अक्टूबर-दिसंबर, 2023 में उसका शुद्ध लाभ 1,888 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 820 करोड़ रुपये था. अदाणी एंटरप्राइजेज ने बताया कि हरित हाइड्रोजन व्यवसाय में कर-पूर्व लाभ चार गुना होकर 1,655 करोड़ रुपये हो गया. इसी तरह सड़क व्यवसाय का कर-पूर्व लाभ दोगुना होकर 910 करोड़ रुपये और हवाई अड्डा कारोबार का कर-पूर्व लाभ 27 प्रतिशत बढ़कर 1,774 करोड़ रुपये रहा.

(भाषा इनपुट)

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola