8th Pay Commission: 33 सवाल और 2 दिन का अल्टीमेटम; टीचर, पटवारी से लेकर इंजीनियर तक सैलरी और प्रमोशन पर फैसला जल्द
8वां वेतन आयोग: 33 सवाल, 2 दिन की मोहलत; सैलरी पर बड़ा फैसला.
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग ने लद्दाख के सरकारी कर्मचारियों से 33 अहम सवाल पूछे हैं, जिनमें सैलरी, प्रमोशन और वेतन समानता पर जानकारी मांगी गई है. शिक्षकों, इंजीनियरों और डॉक्टरों की सेवा शर्तों पर जल्द फैसला संभव है.
आठवें केंद्रीय वेतन आयोग (8th Pay Commission) ने अपनी परामर्श प्रक्रिया को तेज कर दिया है. आयोग ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख से सरकारी कर्मचारियों की सैलरी अपग्रेड, वेतन समानता (पे पैरिटी), प्रमोशन और करियर प्रोग्रेशन से जुड़ी मांगों पर विस्तृत जानकारी मांगी है. इस कदम के बाद लद्दाख के सरकारी कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी मुद्दों पर जल्द फैसला होने की उम्मीद बढ़ गई है.
वित्त विभाग ने जारी किया 'अति आवश्यक' सर्कुलर
लद्दाख के वित्त विभाग ने 26 नवंबर 2026 को एक सर्कुलर जारी कर सभी प्रशासनिक विभागों और विभागाध्यक्षों (HoDs) से विभागवार जानकारी मांगी है. दरअसल, आठवें वेतन आयोग के लद्दाख दौरे के दौरान विभिन्न विभागों और कर्मचारी संगठनों ने वेतन ढांचे, वेतन विसंगतियों और करियर प्रोग्रेशन को लेकर अपने ज्ञापन सौंपे थे. इन्हीं ज्ञापनों के आधार पर आयोग ने अब 33 सवाल उठाते हुए प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा है.
वित्त विभाग ने इस मामले को 'अति आवश्यक' (Most Urgent) बताते हुए सभी विभागों को 30 नवंबर 2026 तक अपने जवाब सौंपने का निर्देश दिया है, ताकि डेटा संकलित कर आयोग को भेजा जा सके.
यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission: PM मोदी तक पहुंची पेंशनर्स की आवाज! 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर लोगों के लिए उठी बड़ी मांग
टीचर, पटवारी से लेकर इंजीनियर और डॉक्टरों तक पर फोकस
- स्कूल शिक्षा विभाग: जूनियर असिस्टेंट, सीनियर असिस्टेंट, टीचर, मास्टर, लेक्चरर और लाइब्रेरी असिस्टेंट के मौजूदा वेतन और प्रमोशन ढांचे की जानकारी मांगी गई है. साथ ही, कैडर स्ट्रक्चर और MACP/ACP/DACP के तहत करियर प्रोग्रेशन का ब्योरा भी देना होगा.
- बिजली विकास विभाग (PDD): लेह और कारगिल में समान पदों पर काम करने वाले कर्मचारियों के मौजूदा पे-लेवल की जानकारी मांगी गई है, ताकि दोनों जिलों के बीच किसी भी संभावित वेतन असमानता की जांच की जा सके. इसके अलावा, जूनियर इंजीनियर (JE) से लेकर चीफ इंजीनियर (CE) तक के प्रमोशन और वित्तीय उन्नयन का विवरण मांगा गया है.
- राजस्व विभाग: पटवारी, गिरदावर और नायब तहसीलदार के पुराने और मौजूदा वेतन ढांचे की जानकारी मांगी गई है. इसमें पटवारियों के ग्रेड पे में बदलाव से जुड़े आदेश और समान पदों के साथ उनकी तुलनात्मक वेतन स्थिति भी शामिल है.
- स्वास्थ्य विभाग: डेंटल सर्जनों के प्रमोशन के अवसर और कैडर स्ट्रेंथ, डॉक्टरों के लिए लागू करियर प्रोग्रेशन स्कीम और वेतन विसंगति का सामना कर रहे पैरामेडिकल व नर्सिंग स्टाफ के पे-लेवल का ब्योरा मांगा गया है.
- अन्य विभाग: वन विभाग के कर्मचारियों, क्लर्क, अकाउंट्स अधिकारियों, ड्राइवरों और चतुर्थ श्रेणी (Class-IV) कर्मचारियों के वेतन व प्रमोशन ढांचे की रिपोर्ट मांगी गई है. इसके अलावा, पे-लेवल 6 और 7 के बीच के इंटरमीडिएट स्तरों पर स्वीकृत और कार्यरत कर्मचारियों की संख्या का विवरण भी तलब किया गया है.
कब लागू होगा 8वां वेतन आयोग?
आठवें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. आयोग को अपनी सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, जिसके अनुसार इसकी रिपोर्ट मई 2027 के आसपास आने की उम्मीद है. हर 10 साल में होने वाले वेतन संशोधन चक्र के हिसाब से 1 जनवरी 2026 को इसके प्रभावी होने की संभावित तारीख माना जा रहा है, हालांकि केंद्र सरकार ने अभी तक इसे लागू करने की आधिकारिक तारीख की पुष्टि नहीं की है.
ये भी पढ़ें: ATM और UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा! EPFO की सर्विस पर आया नया अपडेट
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए