बिहार में 31 नगर निकायों के 805 पदों के नतीजे घोषित, ज्यादातर नए चेहरे जीते, मधुबनी को मिला पहला मेयर

बिहार में 31 नगर निकायों के 805 पदों के लिए कुल 4431 उम्मीदवार मैदान में थे. जिसके लिए सुबह आठ बजे से 58 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतगणना शुरू हुई. अधिकतर निकायों में मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के पद पर नये चेहरे की जीत हुई है.
बिहार में 31 नगर निकायों के लिए नौ जून को हुए मतदान के परिणाम रविवार को सामने आये. वार्ड पार्षदों, महापौरों और उप महापौरों के 805 पदों के लिए सुबह आठ बजे से 58 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मतगणना शुरू हुई. मधुबनी नगर निगम को पहली बार मेयर मिला है. अधिकतर निकायों में मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद के पद पर नये चेहरे की जीत हुई है. पटना नगर निगम के एक वार्ड में हुए उप चुनाव में मेयर सीता साहू की बहू श्वेता कुमार जीतीं.
निकाय चुनाव में कुल 4431 उम्मीदवार मैदान में थे. नौ उम्मीदवारों को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है. पटना, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, वैशाली, नालंदा, नवादा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, किशनगंज, मुंगेर, लखीसराय, सहरसा, जमुई और बांका जिलों में मतदान हुआ था.
मधुबनी नगर निगम के मेयर पद पर अरुण राय जीते. वह मधुबनी के पहले मेयर होंगे. उप मेयर अमानुल्लाह खान बने हैं. अरुण राय ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी असलम अंसारी को 8867 मतों से पराजित किया. शिवहर नगर परिषद शिवहर के मुख्य पार्षद पद पर राजन नन्दन सिंह काबिज हुए. उप मुख्य पार्षद पद पर सुनील कुमार विजयी रहे. दूसरी तरफ, लौरिया से भाजपा विधायक विनय बिहारी की पत्नी चंचला बिहारी तीसरे स्थान पर रहीं. उन्हें 1198 मत मिले हैं. पश्चिम चंपारण जिले के नव गठित मच्छरगांवा (योगापट्टी) नगर पंचायत में सभापति के पद के लिए हुए चुनाव में अश्विनी कुमार जीते. पूर्वीं चंपारण के केसरिया नगर पंचायत चुनाव में निवर्तमान मुख्य पार्षद रिंकू पाठक वार्ड नंबर सात से वार्ड पार्षद का चुनाव जीत गये हैं. इसके पहले मुख्य पार्षद का कार्यकाल पूरा किया था. उनकी पत्नी किरण देवी भी चुनाव जीत गयीं.
बक्सर जिले के दो नगर निकायों में इस बार मतदाताओं ने नये चेहरों का मौका दिया है. डुमरांव नगर पर्षद के मुख्य पार्षद के पद पर सुनीता गुप्ता और उपमुख्य पार्षद पद पर विकास कुमार ठाकुर की जीत हुई है. वहीं, नगर पंचायत इटाढ़ी में मुख्य पार्षद के पद पर संजय कुमार पाठक और उपमुख्य पार्षद पद सुनील कुशवाहा ने जीत हासिल की है. गोपालगंज की नवगठित नगर पंचायत हथुआ से मुख्य पार्षद पद पर किरण देवी निर्वाचित हुई हैं. वहीं उपमुख्य पार्षद पद का ताज ममता देवी को मिला है. नालंदा जिले के नगर पर्षद इस्लामपुर से मुख्य पार्षद के पद पर किरण देवी और उपमुख्य पार्षद तनवीर आलम को जीत मिली है. वहीं, नगर पर्षद राजगीर में मतदाताओं ने जीरो देवी को मुख्य पार्षद व मुन्नी देवी को उपमुख्य पार्षद चुना है. दाउदनगर में अंजलि कुमारी मुख्य पार्षद व कमला देवी उप मुख्य पार्षद चुनी गयीं. बिक्रमगंज में मनोरंजन सिंह मुख्य पार्षद और अमृता देवी उप मुख्य पार्षद बनीं.
Also Read: बिहार नगर निकाय चुनाव परिणाम: पटना के वार्ड नंबर 58 में मेयर सीता साहू की बहू का जलवा, देखें परिणाम
निकाय चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला रहा. सहरसा नगर निगम के मेयर पद पर जदयू सांसद दिनेश चंद्र यादव की पत्नी मंजू सिन्हा को दिवंगत पूर्व विधायक संजीव झा की पत्नी बैन प्रिया ने हराया. रेणू सिन्हा तीसरे नंबर पर रही. सहरसा में जदयू के पूर्व विधायक अरुण कुमार को हार का सामना करना पड़ा. बड़हिया में मुख्य पार्षद पद पर जदयू नेता सुजित कुमार की पत्नी डेजी कुमारी ने निवर्तमान मुख्य पार्षद मंजू देवी को हराया, मंजू देवी के पुत्र अमित कुमार भी वार्ड संख्या 10 से चुनाव हार गये. बांका नगर परिषद में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सिंह ने 77 वोट निवर्तमान सभापति संतोष सिंह को पराजित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




