अब कारों की सुरक्षा होगी और भी मजबूत, 2027 में आएगा Bharat NCAP 2.0, नितिन गडकरी ने बताया पूरा प्लान
2027 में आएगा Bharat NCAP 2.0
भारत में कारों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया जा रहा है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भारत NCAP 2.0 की घोषणा की है, जो 2027 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है. इस नए चरण में यात्रियों और पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, भारत NCAP ने देश में वाहनों के सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई है और भारतीय गाड़ियों को दुनिया भर में ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद की है. SIAM के 66वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि देश के कार सुरक्षा असेसमेंट कार्यक्रम का अगला चरण, भारत NCAP 2.0, साल 2027 के अंत तक शुरू करने की योजना है.
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय गाड़ियों की बढ़ती क्रेडिट
गडकरी ने बताया कि एक्सपोर्ट मार्केट में भारत को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. उन्होंने कहा कि आज की वैश्विक अर्थव्यवस्था में ईमानदारी, विश्वसनीयता और साख सबसे कीमती संपत्तियों में से हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय ऑटोमोटिव उत्पादों की धारणा और वैल्यू में काफी सुधार हुआ है, जिससे उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ी है.
भारत NCAP की सफलता और कम लागत का फायदा
गडकरी ने भारत NCAP को एक सफल पहल बताते हुए इसका क्रेडिट ऑटोमोटिव इंडस्ट्री के सहयोग को दिया. उन्होंने बताया कि भारत NCAP को हाल ही में मोरक्को में एक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला है और इस प्रोग्राम के तहत अब तक 30 से ज्यादा गाड़ियों की टेस्टिंग की जा चुकी है.
ये भी पढ़ें: Force Motors की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार, अगस्त में 62% की ग्रोथ; इन 2 गाड़ियों ने खींचे कस्टमर्स
ग्लोबल NCAP के मुकाबले काफी सस्ता टेस्टिंग खर्च
मंत्री ने लोकल स्तर पर टेस्टिंग के वित्तीय फायदों को भी रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि ग्लोबल NCAP के जरिए किसी मॉडल की जांच कराने में लगभग 2.5 करोड़ रुपये का खर्च आता है, जबकि भारत NCAP में प्रति मॉडल केवल 16 लाख रुपये का खर्च बैठता है, जिससे यह वाहन निर्माताओं के लिए काफी किफायती साबित हो रहा है.
भारत NCAP 2.0 की तैयारी और प्रमुख टारगेट
गडकरी ने कहा कि सरकार भारत NCAP 2.0 को आगे बढ़ा रही है, जिसे अक्टूबर 2027 से लागू करने का शेड्यूल तय किया गया है. यह देश में सड़क सुरक्षा में सुधार लाने के एक बड़े प्रयास का हिस्सा है.
ये भी पढ़ें: Tata Altroz और Hyundai i20 की बढ़ेगी टेंशन, नए अवतार में आ रही Maruti Baleno, 5 सितंबर को होगी लॉन्च
सड़क दुर्घटनाओं की चुनौती और 4 प्रमुख पिलर्स
समस्या की गंभीरता को बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत में हर साल लगभग 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं और 1.8 लाख लोगों की जान चली जाती है, जो एक बड़ी राष्ट्रीय चिंता का विषय है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत NCAP के अगले चरण में चार मुख्य बातों पर ध्यान दिया जाएगा, जिसमें क्रैश एवॉयडेंस (हादसा रोकना), ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन (यात्रियों की सुरक्षा), पेडेस्ट्रियन सेफ्टी (पैदल चलने वालों की सुरक्षा) और पोस्ट-क्रैश केयर (हादसे के बाद की देखभाल) शामिल हैं.
गडकरी ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों को कम करने और समग्र सुरक्षा मानकों को सुधारने के लिए सरकार और ऑटो इंडस्ट्री के बीच बेहतर तालमेल का एक्शन लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए