Triumph की नई बाइक भारत में लॉन्च, 798cc इंजन और 7-इंच टचस्क्रीन से लैस; जानें कीमत
2027 Street Triple 798 RS (फोटो: triumphmotorcycles.in)
Triumph ने भारत में 2027 Street Triple 798 RS को 14.39 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है. नई बाइक में 798cc का ज्यादा पावरफुल इंजन, हल्का वजन, अपडेटेड डिजाइन, प्रीमियम सस्पेंशन और 7-इंच TFT टचस्क्रीन दी गई है.
Triumph ने भारत में 2027 Street Triple 798 RS को लॉन्च कर दिया है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत 14.39 लाख रुपये (दिल्ली) रखी गई है. नई बाइक में पहले के मुकाबले कई बड़े बदलाव किए गए हैं. इसका डिजाइन अपडेट हुआ है. अब इसमें बड़ा Moto2 से इंस्पायर्ड इंजन मिलता है. इसके अलावा कंपनी ने नया चेसिस, ज्यादा फीचर्स और कम वजन जैसे बदलाव भी किए हैं. आइए एक-एक कर इनके बारे में जानते हैं.
पहले से ज्यादा पावरफुल हुआ इंजन
इस बाइक में सबसे बड़ा बदलाव इसके नए इंजन के तौर पर देखने को मिलता है. अब इसमें 798cc का 3-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो पहले के मुकाबले 33cc ज्यादा बड़ा है. कंपनी ने इंजन के अंदरूनी हिस्सों में भी कई बदलाव किए हैं. इसका असर इसकी पावर और टॉर्क पर साफ दिखता है. अब यह इंजन 11,500 rpm पर 135 PS की पावर और 9,250 rpm पर 86 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है, जिसके साथ बाय-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर भी मिलता है. यानी राइडर बिना क्लच दबाए गियर ऊपर और नीचे कर सकता है.
एक और खास बात यह है कि नई बाइक का वजन अब 183 kg है, जो पिछले मॉडल से 5 kg कम है. कम वजन और ज्यादा पावर का यह कॉम्बिनेशन बाइक को पहले से फास्ट एक्सीलरेशन देने में मदद कर सकता है.

ये भी पढ़ें: USD फोर्क, 5-इंच TFT डिस्प्ले... बजाज ने बदल दिया अपनी धाकड़ बाइक का अंदाज! नई Pulsar RS200 में मिलेंगे ये 5 नए अपडेट
डिजाइन में हल्के बदलाव, लुक अब भी स्पोर्टी
इस बाइक का ओवरऑल लुक पहले जैसा ही रखा गया है. इसके आइकॉनिक बग-आई हेडलाइट डिजाइन में भी बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, अब दोनों आंखों जैसी दिखने वाली लाइट्स में LED DRLs मिलती हैं, जबकि असली हेडलाइट यूनिट इनके बीच में दी गई है.
बाइक का साइड प्रोफाइल काफी स्टाइलिश और स्पोर्टी नजर आता है. इसमें अग्रेसिव लुक के साथ डिजाइन को सिंपल रखने की कोशिश की गई है. इसके अंडरबेली एग्जॉस्ट को भी नए सिरे से डिजाइन किया गया है. इसमें दोनों तरफ दो-दो एग्जॉस्ट आउटलेट दिए गए हैं. नया सम्प प्रोटेक्टर भी बाइक के निचले हिस्से को साफ-सुथरा और कॉम्पैक्ट लुक देता है.
बाइक के पिछले हिस्से को भी पहले से ज्यादा साफ-सुथरा बनाया गया है. इसमें अलग से ब्रेक लाइट नहीं दी गई है, बल्कि इसे टर्न इंडिकेटर्स के साथ ही जोड़ दिया गया है.
सस्पेंशन और ब्रेकिंग में मिलते हैं प्रीमियम पार्ट्स
बाइक के सस्पेंशन की बात करें, तो इसमें आगे की तरफ 41 mm का पूरी तरह एडजस्ट होने वाला Showa इनवर्टेड फोर्क दिया गया है, जो 120 mm तक ट्रैवल करता है. वहीं, पीछे की तरफ 130 mm ट्रैवल वाला Öhlins STX46 मोनोशॉक सस्पेंशन मिलता है.
ब्रेकिंग के लिए बाइक के अगले पहिये में 310 mm के दो डिस्क ब्रेक दिए गए हैं. इनके साथ Brembo के 4-पिस्टन रेडियल कैलिपर्स मिलते हैं. पीछे की तरफ 220 mm का सिंगल डिस्क ब्रेक दिया गया है.
इसमें आगे और पीछे दोनों तरफ 17-इंच के पहिये मिलते हैं, जिन पर Pirelli Supercorsa SP V3 टायर लगाए गए हैं. बाइक की सीट की ऊंचाई 836 mm है, जबकि इसमें 15 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है.

7-इंच टचस्क्रीन के साथ ढेरों स्मार्ट फीचर्स
इस बाइक में अब नया 7-इंच का TFT टचस्क्रीन डिस्प्ले दिया गया है. इसमें Apple CarPlay और Android Auto की कनेक्टिविटी मिलती है. यानी राइड के दौरान आप कॉल और SMS अलर्ट देख सकते हैं, म्यूजिक कंट्रोल कर सकते हैं और Google Maps को स्क्रीन पर यूज कर सकते हैं.
खास बात यह है कि डिस्प्ले की टच सेंसिटिविटी के अलग-अलग लेवल दिए गए हैं, जिससे ग्लव्स पहनकर भी इसे आसानी से ऑपरेट किया जा सकता है. इसके अलावा, चलते-फिरते फोन चार्ज करने के लिए Type-C चार्जिंग पोर्ट भी मिलता है.
इस बाइक में कॉर्नरिंग लाइट्स भी दी गई हैं. ये लाइट्स बाइक के 15 और 30 डिग्री तक झुकने पर एक्टिव होती हैं. इन्हें अलग से लगाने के बजाय हेडलाइट के प्रोजेक्टर यूनिट में ही शामिल किया गया है.
बाइक के लेफ्ट साइड वाले स्विचगियर पर नॉर्मल लाइट कंट्रोल के साथ क्रूज कंट्रोल के बटन भी मिलते हैं. इनकी मदद से राइडर हाईवे पर एक तय स्पीड सेट कर सकता है. इसके अलावा, मोड बटन की मदद से अपनी जरूरत के हिसाब से राइडिंग मोड चुना जा सकता है.
वहीं, दाईं ओर के स्विचगियर पर वॉयस कमांड के लिए अलग बटन मिलता है. इसकी मदद से Apple CarPlay इस्तेमाल करते समय Siri और Android Auto के साथ Google Gemini जैसे वॉयस असिस्टेंट को कमांड दिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: 109.7cc इंजन, रफ एंड टफ बॉडी और कीमत ₹80 हजार से भी कम... हमेशा के लिए बंद हुई TVS की ये बाइक
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए