चुनावी हार के बाद ट्रंप बनेंगे पॉलिटिकल पंडित? सोशल मीडिया पर किया ऐसा पोस्ट
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति (PC : AI)
मिडटर्म चुनाव नतीजों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को 'पॉलिटिकल पंडित' कहा है. जानिए क्या है उनका प्लान और कब-कब किया है हिन्दी के शब्दों का इस्तेमाल?
Political Pundit Trump: अमेरिका के 2026 मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है. डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट में बहुमत हासिल कर लिया है. इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर खुद को ‘पॉलिटिकल पंडित’ बनाने की बात कही है. उन्होंने लिखा कि वह उन कारणों का विश्लेषण करेंगे, जिनकी वजह से उम्मीदवार चुनाव जीते या हारे. उन्होंने अच्छे और बुरे, दोनों पहलुओं पर बात करने की बात कही.
‘Political Pundit’ बनकर क्या करेंगे ट्रंप?
ट्रंप की पोस्ट में ‘Political Pundit’ शब्द खास चर्चा में है. इसका अर्थ राजनीतिक विश्लेषक या टिप्पणीकार होता है. दिलचस्प बात यह है कि ‘पंडित’ शब्द संस्कृत से लिया गया है, जो हिंदी के जरिए अंग्रेजी में प्रचलित हुआ. अमेरिकी मीडिया में इसका इस्तेमाल राजनीति के जानकार और चुनावी नतीजों का विश्लेषण करने वाले व्यक्ति के लिए होता है.
‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का दिया था नारा
भारतीय-अमेरिकी समुदाय को आकर्षित करने के लिए ट्रंप पहले भी हिंदी शब्दों और नारों का इस्तेमाल कर चुके हैं. 2016 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान में उनके एक विज्ञापन में ‘अबकी बार ट्रंप सरकार’ का नारा सुनाई दिया था. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 के चुनावी नारे ‘अबकी बार मोदी सरकार’ की तर्ज पर तैयार किया गया था. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, इस विज्ञापन का प्रसारण भारतीय-अमेरिकी दर्शकों वाले टीवी चैनलों पर किया गया था.
‘नमस्ते ट्रंप’ के दौरान भी बोले हिंदी के शब्द
फरवरी 2020 में भारत दौरे से पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर हिंदी में संदेश पोस्ट किए थे. इनमें भारत आने की उत्सुकता और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने की बात कही गई थी. हालांकि, भाषा की कुछ गलतियों के कारण इन संदेशों पर चर्चा भी हुई. अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में भाषण के दौरान उन्होंने ‘नमस्ते’, ‘चायवाला’ और ‘स्वामी विवेकानंद’ जैसे शब्द बोलने की कोशिश की थी.
चुनावी झटके के बीच ट्रंप का संदेश
मिडटर्म नतीजों के बाद ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब डेमोक्रेट्स ने सीनेट में रिपब्लिकन बहुमत खत्म कर दिया है. अब ट्रंप ने उम्मीदवारों की जीत और हार के कारणों का विश्लेषण करने की बात कही है. उनकी पोस्ट को चुनावी नतीजों पर सार्वजनिक टिप्पणी करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं तक पहुंचने के लिए हिंदी का इस्तेमाल भी उनके राजनीतिक संवाद का पुराना हिस्सा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
