पाकिस्तान में ट्रेन हादसा, 6 लोगों की मौत, 30 घायल; सभी 14 बोगियां पटरी से उतरीं
हादसे के बाद रेस्क्यू की तस्वीर (Photo/X)
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया. कराची से पेशावर जा रही ‘रहमान बाबा एक्सप्रेस’ की सभी 14 बोगियां मुल्तान में शेर शाह पुल के पास पटरी से उतर गईं. इस हादसे में करीब छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए. पुलिस और राहतकर्मियों के अनुसार, घायलों को मुल्तान के निश्तार अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है.
पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ. ट्रेन कराची से पेशावर जा रही थी, तभी मुल्तान में शेर शाह पुल के पास उसकी सभी 14 बोगियां पटरी से उतर गईं. हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव दल पहुंच गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
बोगी के नट-बोल्ट की मरम्मत का दावा
‘जियो न्यूज’ की रिपोर्ट के अनुसार, एक यात्री ने दावा किया कि हादसे से पहले रोहरी के पास रेलवे कर्मचारियों ने ट्रेन की नौवीं बोगी के नट-बोल्ट की मरम्मत की थी. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि मरम्मत और ट्रेन के पटरी से उतरने के बीच कोई संबंध था या नहीं.
हादसे के बाद का वीडियो-
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने जताया दुख
पीटीआई के मुताबिक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रेल हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को बिना देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल हादसे के कारणों की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. राहत और बचाव अभियान जारी है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए