फ्लाईदुबई के हीरो कैप्टन स्मित मच्छार दुबई एयरलिफ्ट, गुजरात सरकार ने किया विशिष्ट गरिमा पुरस्कार देने का ऐलान
कैप्टन स्मित मच्छार एक पोडकास्ट में बात करते हुए, फोटो एक्स
Flydubai Captain Smit Machchhar: फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 को बड़ी दुर्घटना से बचाने वाले भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को एयरलिफ्ट कर दुबई लाया गया है. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर हैं.
Flydubai Captain Smit Machchhar: यूएई में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने गुरुवार को दुबई में कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को मच्छार के स्वास्थ्य की जानकारी दी और उनके इलाज में भारत सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. इधर गुजरात सरकार ने मच्छार को विशिष्ट गरिमा पुरस्कार देने का ऐलान कर दिया है.
कैप्टन मच्छार के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार
मित्तल के साथ दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत एम्माडी विष्णु वर्धन रेड्डी भी मौजूद थे. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि भारतीय राजदूत ने परिवार से मुलाकात कर कैप्टन मच्छार के इलाज के लिए सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है.
देश को कैप्टन स्मित पर गर्व है : राजदूत दीपक मित्तल
भारतीय दूतावास ने कैप्टन मच्छार की बहादुरी और निस्वार्थ सेवा की सराहना की. राजदूत दीपक मित्तल ने कहा कि देश को कैप्टन स्मित पर गर्व है. उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई और एक गंभीर विमान हादसा टालने में अहम भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें: Video : कैप्टन स्मित मच्छार ने बचाई 174 लोगों की जान, पुराने पड़ोसी बोले- वह कमाल के इंसान हैं
कॉकपिट में सह-पायलट ने किया हमला
फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही थी. विमान में करीब 180 लोग सवार थे. उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए.
इसके बावजूद उन्होंने विमान पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की. उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को हमलावर सह-पायलट पर काबू पाने में मदद की. इस दौरान विमान ने आपात संकेत भी भेजा.
34 हजार फुट से 17 हजार फुट नीचे आया विमान
आपात स्थिति के दौरान विमान करीब 34,000 फुट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया और 17,000 फुट से अधिक की गिरावट दर्ज की गई. इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक शहर स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्देल अजीज हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया.
विमान तबूक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा. इसके बाद सह-पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया. रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी सह-पायलट ओमान का नागरिक है और सऊदी अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं.
नेतन्याहू ने बताया ‘असली नायक’
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की. उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार डटे रहे और हमले का प्रतिरोध किया. नेतन्याहू के मुताबिक, उनकी कार्रवाई से हवा में एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए