शिक्षक भर्ती घोटाला : ED ने तापस मंडल को फिर से पूछताछ के लिए बुलाया, कुंतल पर निगरानी के लिए टीम गठित
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 24 Jan 2023 10:13 AM
बीरभूम में लालन शेख की सीबीआइ हिफाजत में फांसी लगाने की घटना से सबक लेते हुए इडी ने शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार तृणमूल युवा कांग्रेस के नेता कुंतल घोष पर निगरानी के लिए अलग से टीम का गठन किया है.
शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार तृणमूल युवा कांग्रेस के नेता कुंतल घोष से इडी अधिकारी तापस मंडल के सामने पूछताछ करने की तैयारी में हैं. यही वजह है कि इडी ने राज्य में डीएलएड कॉलेज के प्रमुख तापस मंडल को पूछताछ के लिए मंगलवार को इडी दफ्तर बुलाया है. सूत्रों के अनुसार, पहले की गयी पूछताछ में तापस ने कुंतल को 19.50 करोड़ रुपये देने का खुलासा किया था. फिर लंबी पूछताछ के बाद इडी ने कुंतल घोष को गिरफ्तार किया.
वहीं, प्राथमिक पूछताछ में कुंतल ने कहा है कि तापस ने ही उसे रुपये लेने को कहा था. तापस के कहने पर ही उसने अपना कमीशन रखकर शिक्षक भर्ती के लिए लोगों से लिये गये रुपये उसे (तापस) दिये थे. तापस ने उसे फंसाया है. इस कारण ही इडी अधिकारी अब तापस और कुंतल को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ करना चाहते हैं.
बीरभूम में लालन शेख की सीबीआइ हिफाजत में फांसी लगाने की घटना से सबक लेते हुए इडी ने शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार तृणमूल युवा कांग्रेस के नेता कुंतल घोष पर निगरानी के लिए अलग से टीम का गठन किया है. कुंतल को जिस सेल में रखा गया है, उसकी निगरानी सीसीटीवी से 24 घंटे की जा रही है. निगरानी के लिए अलग से एक टीम बनायी गयी है. जिस सेल में कुंतल को रखा गया है, वहां की दिनभर की गतिविधियों पर इडी अधिकारी नजर रखेंगे.
शिक्षक भर्ती घोटाले में इडी के हाथों गिरफ्तार तृणमूल के युवा नेता कुंतल घोष को सोमवार को रेगुलर मेडिकल जांच के लिए स्थानीय सरकारी अस्पताल में ले जाया गया. इडी दफ्तर से बाहर निकलने के दौरान कुंतल ने फिर से उसे साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाया है. इधर इडी सूत्रों का कहना है कि कुंतल के घर से दो डायरी मिली है. उसके कई पन्नों में कोड वर्ड में कुछ लिखा हुआ है. उन कोड वर्ड को डिकोड करने की कोशिश की जा रही है. कुंतल से पूछने पर वह इस बारे में कुछ भी सटीक नहीं बता पा रहा है. इडी अधिकारियों का कहना है कि जल्द इन कोर्ड को डिकोर्ड कर इससे जुड़े रहस्यों से परदा उठ जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










