Thailand Open: 'चीन की दीवार' नहीं तोड़ पायीं पीवी सिंधु, सेमीफाइनल में चेन से हारकर थाईलैंड ओपन से बाहर
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 21 May 2022 9:15 PM
पहला गेम जीतने से पहले चीनी प्रतिद्वंद्वी दो अंक गंवा बैठी थीं लेकिन सिंधु के फिर नेट पर शॉट लगाने से इसे अपने नाम करने में सफल रहीं. दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने दूसरे गेम में बेहतर खेल दिखाते हुए 6-3 की बढ़त बनाकर इसे 10-5 कर दिया था. लेकिन चेन ने लगातार तीन अंक जुटा लिये.
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु (PV Sindhu) शनिवार को सेमीफाइनल में ओलंपिक चैम्पियन और दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी चेन यु फेई से सीधे गेम में पराजित होकर थाईलैंड ओपन से बाहर हो गयीं.
चेन यु फेई से हारीं सिंधु
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु तीसरी वरीयता प्राप्त चेन से 43 मिनट में 17-21 16-21 से हार गयी जिससे उनका सुपर 500 टूर्नामेंट में शानदार सफर खत्म हो गया. छठी वरीय सिंधु का इस मैच से पहले चेन के खिलाफ जीत का रिकॉर्ड 6-4 था लेकिन वह चीन की इस खिलाड़ी के खिलाफ वैसा दमदार प्रदर्शन नहीं कर सकीं और कई अनफोर्स्ड गलतियां कर बैठीं. वहीं चेन ने आक्रामक बैडमिंटन खेलकर भारतीय खिलाड़ी पर जीत हासिल की.
Also Read: PV Sindhu के साथ बैडमिंटन खेलती दिखीं दीपिका पादुकोण, फैन्स बोले- बायोपिक बनने वाली है
2019 में भी चेन यु फेई से हारीं थी सिंधु
हैदराबाद की 26 वर्षीय खिलाड़ी को पिछली बार चेन से 2019 बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में हार मिली थी. सिंधु पहले गेम में 3-3 की बराबरी के बाद ब्रेक तक 7-11 से पिछड़ रही थीं. चेन ने रैलियों से दबदबा बनाना जारी रखा और सिंधु के नेट पर और दूर लगे शॉट का फायदा उठाते हुए 17-12 की बढ़त बना ली. सिंधु ने क्रास कोर्ट रिटर्न से कुछ अंक जुटाये और स्कोर 15-17 कर दिया लेकिन चीन की खिलाड़ी ने सिंधु के शॉट का फायदा उठाकर अंक जुटाया. भारतीय खिलाड़ी फिर लंबा शॉट लगाने के बाद अगले को नेट में लगा बैठीं जिससे चेन को पांच गेम प्वाइंट मिले.
चेन ने ‘बॉडी स्मैश’ से मुकाबला जीता
पहला गेम जीतने से पहले चीनी प्रतिद्वंद्वी दो अंक गंवा बैठी थीं लेकिन सिंधु के फिर नेट पर शॉट लगाने से इसे अपने नाम करने में सफल रहीं. दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने दूसरे गेम में बेहतर खेल दिखाते हुए 6-3 की बढ़त बनाकर इसे 10-5 कर दिया था. लेकिन चेन ने लगातार तीन अंक जुटा लिये. पर सिंधु 25 शॉट की रैली जीतने के बाद ब्रेक तक दो अंक की बढ़त बनाये रहीं. दुनिया की चौथे नंबर की चीन की खिलाड़ी ने जल्द ही गेम पर कब्जा करना शुरू किया और 15-12 से आगे हो लीं. इसके बाद सिंधु इसे 15-17 तक करीब करने में सफल रहीं लेकिन फिर क्रास कोर्ट रिटर्न में वाइड चली गयीं. चेन ने सिंधु के फारहैंड पर विनर जमाया और पांच मैच प्वाइंट हासिल किये. फिर चेन ने ‘बॉडी स्मैश’ से मुकाबला जीत लिया.
इंडोनेशिया मास्टर्स में नजर आयेंगी सिंधु
इस सत्र में सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय और स्विस ओपन में दो सुपर 300 खिताब जीतने वाली सिंधू अब सात से 12 जून तक जकार्ता में होने वाले इंडोनेशिया मास्टर्स सुपर 500 टूर्नामेंट में शिरकत करेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










