पीएम नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर से वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, वाया अयोध्या लखनऊ तक चलेगी
Published by : Amit Yadav Updated At : 07 Jul 2023 6:28 PM
पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों गोरखपुर को रफ्तार मिली है. उन्होंने गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना का शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने जोधपुर-(अहमदाबाद) साबरमती वंदे भारत का भी शुभारंभ किया.
गोरखपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गोरखपुर से वाया अयोध्या, लखनऊ तक चलने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने गोरखपुर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प वाली पुनर्विकास परियोजना का भी शिलान्यास किया. इसके अलावा जोधपुर-अहमदाबाद (साबरमती) वंदे भारत एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उनके साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे.
गीता प्रेस के शताब्दी वर्ष के समापन समारोह में शामिल होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे. प्लेटफार्म नंबर एक पर आने के साथ ही वहां वहां खड़ी वंदे भारत की एक बोगी में गए. उपलब्ध सुविधाओं को देखा. बोगी में पहले से बैठे बच्चों से संवाद किया. क्रू मेंबर्स को शुभकामनाएं दीं. इंजन का जायजा लेने के बाद वह ट्रेन से उतरे.
Also Read: पीएम नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर से वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी, वाया अयोध्या लखनऊ तक चलेगी
प्रधानमंत्री ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रखे गोरखपुर जंक्शन स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का मॉडल का अवलोकन करने के बाद रिमोट का बटन दबाकर परियोजना का शिलान्यास किया. इसके बाद उन्होंने जोधपुर-अहमदाबाद वंदे भारत का वर्चुअल शुभारंभ किया. इसके बाद प्रधानमंत्री ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर सांसद रविकिशन, चेयरमैन रेलवे बोर्ड अनिल लोहाटी, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण भी मौजूद थे.
गोरखपुर से वाया अयोध्या लखनऊ तक वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि, भगवान श्रीराम की जन्मस्थली और प्रदेश की राजधानी तक लोगों को न केवल आवागमन सुगमता मिलेगी बल्कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. यह ट्रेन सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक विकास की गति बढ़ाने में भी सहायक होगी.
वंदे भारत एक्सप्रेस गोरखपुर से लखनऊ के बीच चलने वाली सबसे तीव्र गति की ट्रेन है. इससे दोनों दूरी तय करने में करीब दो घंटे समय की बचत होगी. अत्याधुनिक सुविधाओं के चलते वंदे भारत की यात्रा हवाई जहाज की यात्रा का एहसास कराएगी. पूरी तरह वातानुकूलित इस ट्रेन में खानपान, आरामदायक व 360 डिग्री पर घूमने वाली सीट, टच फ्री शौचालय सुविधा, सेंसरयुक्त दरवाजे, वाईफाई के अलावा दिव्यांगजन के अनुकूल शौचालय व ब्रेल लिपि में सीट नंबर अंकन की भी व्यवस्था है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना का शिलान्यास किया है, उसे स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा. अत्याधुनिकता के साथ स्टेशन स्थानीय विरासत प्रतीकों का भी प्रतिनिधि होगा. नए स्टेशन भवन में गोरखनाथ मंदिर और गीता प्रेस की झलक भी दिखेगी.
यहां मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स का प्रावधान किया गया है. पुनर्विकास परियोजना में स्टेशन पर अत्याधुनिक सुविधाओं वाले रूफ प्लाजा, फूड आउटलेट, प्रतीक्षालय, एटीएम और बच्चों के लिए प्लेइंग एरिया का भी इंतजाम होगा. आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग के कांसेप्ट में इसका निर्माण होगा और इसमें वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की भी व्यवस्था की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










