Rakhi Gift Ideas 2026: मिठाई और चॉकलेट छोड़ टेक गैजेट्स और स्मार्ट हैम्पर्स बने पहली पसंद
रक्षाबंधन के लिए गिफ्ट आइडिया / सिम्बॉलिक पिक एआई से बनी
रक्षा बंधन पर इस बार मिठाई के बजाय स्मार्ट गैजेट्स, डिजिटल फोटो फ्रेम और प्रीमियम कुकवेयर का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है. जानिए इस फेस्टिव सीजन के बेस्ट और ट्रेंडिंग राखी गिफ्ट्स.
रक्षा बंधन का पावन त्योहार भाई-बहन के अटूट प्यार, नोकझोंक और ढेर सारी यादों का जश्न मनाने का अवसर होता है. इस खास मौके पर हर भाई अपनी बहन के लिए और बहन अपने भाई के लिए सबसे अनोखा और यादगार तोहफा तलाशने में जुट जाते हैं. लंबे समय से राखी पर मिठाई और चॉकलेट देने का चलन रहा है, लेकिन अब भारतीय खरीदारों की पसंद में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. लोग अब केवल स्वाद तक सीमित रहने के बजाय ऐसे उपहारों को प्राथमिकता दे रहे हैं जो व्यावहारिक हों, लंबे समय तक काम आएं और निजी अहसास कराएं. इस बार बाजार में टेक गैजेट्स, प्रीमियम कुकवेयर और कस्टमाइज्ड गिफ्ट हैम्पर्स की मांग में भारी उछाल दर्ज किया जा रहा है.
मिठाइयों का दौर खत्म: स्मार्ट गैजेट्स बने पहली पसंद
राखी उपहारों की सूची में इस बार तकनीक से जुड़े सामान सबसे आगे चल रहे हैं. स्मार्टवॉच, डिजिटल फ्रेम, पोर्टेबल प्रोजेक्टर, फिटनेस बैंड और प्लेस्टेशन जैसे उपकरण इस त्योहार पर सबसे पसंदीदा गिफ्ट बनकर उभर रहे हैं. इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड्स के अनुसार, त्योहारों के सीजन में डिजिटल फोटो फ्रेम की मांग में लगभग दोगुनी और पोर्टेबल प्रोजेक्टर्स की बिक्री में 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी देखी जा रही है. तकनीक के शौकीन युवाओं के लिए पोर्टेबल ब्लूटूथ स्पीगर्स और वियरेबल्स एक बेहतरीन और काम आने वाला विकल्प साबित हो रहे हैं.
लाइफस्टाइल, कुकवेयर और कस्टमाइज्ड हैम्पर्स का बढ़ा क्रेज
न्यूज एजेंसी भाषा की रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक्स ही नहीं, बल्कि घर की सजावट और रसोई से जुड़ी प्रीमियम चीजों को भी उपहार के रूप में खूब पसंद किया जा रहा है. हाथ से बने चमड़े के उत्पाद, स्टाइलिश कैंडल स्टैंड और प्रीमियम कास्ट-आयरन कुकवेयर जैसी चीजें भी उपहार सूची में शामिल हो चुकी हैं. खाना पकाने का शौक रखने वालों के लिए एम्बर जैसे ब्रांड्स ने नए सुपरपैन और ओवन बाजार में उतारे हैं. इसके अलावा, चाय-कॉफी के शौकीनों के लिए कोफ़ीहॉस जैसे ब्रांड्स स्पेशल कॉफी मेकिंग हैम्पर्स पेश कर रहे हैं, जो त्योहार की मिठास को और बढ़ा देते हैं.
ग्रूमिंग और फिटनेस प्रोडक्ट्स से दिखाएं अपनों की परवाह
सेहत और खूबसूरती का ध्यान रखने वाले भाई-बहनों के लिए ब्यूटी, ग्रूमिंग और फिटनेस हैम्पर्स एक विचारशील विकल्प साबित हो रहे हैं. पर्सनल केयर और स्किनकेयर से जुड़े ब्रांड्स ऐसे गिफ्ट पैक डिजाइन कर रहे हैं जो रोजमर्रा के इस्तेमाल में आ सकें. स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए फिटनेस ट्रैकर और हेल्दी न्यूट्रिशन हैम्पर्स भी उपहार के रूप में खूब खरीदे जा रहे हैं. यह ट्रेंड दिखाता है कि लोग अब केवल दिखावे के बजाय अपनों की जरूरत और सेहत से जुड़े तोहफों को तवज्जो दे रहे हैं.
त्योहारों पर 30,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के कारोबार का अनुमान
गिफ्टिंग ट्रेंड्स में आए इस बदलाव का सीधा असर देश के रिटेल और कंज्यूमर मार्केट पर दिख रहा है. व्यापारियों के प्रमुख संगठन 'कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स' (CAIT) के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल फेस्टिव सीजन के दौरान देशभर में कुल कारोबार 30,000 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है. इसमें से केवल दिल्ली का बाजार ही लगभग 4,000 करोड़ रुपये का व्यापार हासिल कर सकता है. पारंपरिक उपहारों से आधुनिक गैजेट्स की ओर यह बदलाव बाजार की नई दिशा को साफ तौर पर बयां करता है.
ये भी पढ़ें: Philips के नए 5G फोन की एंट्री जल्द, 120Hz डिस्प्ले के साथ मिलेगा 64MP कैमरा, Amazon पर दिखी पहली झलक
ये भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026 Gift Ideas: इस रक्षाबंधन बहन-भाई को दें काम आने वाले ये 5 बेस्ट टेक गिफ्ट्स, देखें पूरी लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए