कल नयी पार्टी बनायेंगे हर्क बहादुर, पहाड़ की राजनीति में भूचाल
सिलीगुड़ी: 27 जनवरी के बाद दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की राजनीति में एक नया भूचाल आने की संभावना दिख रही है. कालिम्पोंग के विधायक तथा गोजमुमो के बागी नेता हर्क बहादुर छेत्री नयी पार्टी का गठन कर रहे हैं. न केवल राजनीतिक पर्यवेक्षकों, बल्कि पहाड़ के आम लोगों की भी 27 जनवरी पर निगाहें टिकी हुई […]
हालांकि हर्क बहादुर छेत्री अथवा उनके निकटतम सहयोगी इस मामले में कुछ भी खुलकर नहीं बता रहे हैं. हर्क बहादुर छेत्री का कहना है कि पार्टी की घोषणा के साथ ही सभी बातों की जानकारी दे दी जायेगी. इस बीच, हर्क बहादुर छेत्री के इस नये कदम को लेकर गोजमुमो नेताओं की परेशानी काफी बढ़ गयी है. गोजमुमो सुप्रीमो बिमल गुरूंग अब तक तृणमूल प्रमुख तथा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हमलावर रूख से परेशान थे. अब उन्हें कभी अपने ही सहयोगी रहे हर्क बहादुर छेत्री की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
यही वजह है कि बिमल गुरूंग लगातार ममता बनर्जी के खिलाफ हमला बोल रहे हैं. ममता बनर्जी यहां दो दिन पहले बिमल गुरूंग के गढ़ सिंगमारी में उन्हें चुनौती दी, वहीं बिमल गुरूंग भी ममता बनर्जी को चुनौती देने के लिए सुकना आ गये. राज्य की मुख्यमंत्री रविवार को सुकना में ही रुकी हुई थीं. जिस वन बंगलो में मुख्यमंत्री रुकी हुई थीं उससे कुछ ही दूर बिमल गुरुंग उनके खिलाफ हमला बोल रहे थे. बिमल गुरुंग ने तो ममता बनर्जी को पहाड़ से चुनाव लड़ने तक की चुनौती दे दी है. बिमल गुरुंग का कहना है कि ममता बनर्जी बार-बार दार्जिलिंग आ रही हैं. यदि उन्हें दार्जिलिंग से इतना ही प्यार है तो यहां से विधानसभा चुनाव लड़ कर दिखायें. बिमल गुरुंग का आगे कहना है कि मुख्यमंत्री दार्जिलिंग को स्वीट्जरलैंड बनाने की बात कर रही थीं, लेकिन उन्होंने दार्जिलिंग को मुर्दालैंड बना दिया है. वह विभिन्न जातियों के लिए बोर्ड बनाकर गोरखा जाति को बांटने की कोशिश कर रही हैं. बिमल गुरुंग ने आगे कहा कि दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र में तीन विधानसभा सीटें हैं और ममता बनर्जी को जहां से इच्छा हो, चुनाव लड़ें और जीत कर दिखायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










