कोलकाता में हादसा, मेट्रो पिलर से टकराई बाइक, चालक की मौके पर मौत

Author Ashish Jha
Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Accident in Kolkata: महानगर में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक जान ले ली. बुधवार तड़के इएम बाइपास पर रूबी क्रासिंग के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ऐप-आधारित बाइक चालक की मौत हो गयी, जबकि उसकी महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गयी. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी थी.

विज्ञापन

कोलकाता से अमित शर्मा की रिपोर्ट

विज्ञापन

Accident in Kolkata: बुधवार सुबह करीब पांच बजे शेख शाहनवाज (30) ऐप-आधारित बाइक सेवा के तहत एक महिला यात्री को लेकर कालिकापुर क्रासिंग से रूबी की ओर जा रहे थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया. इससे पहले कि वह बाइक को संभाल पाता, वाहन सीधे मेट्रो रेल के एक खंभे से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के झटके से चालक और महिला यात्री दोनों कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.

महिला यात्री गंभीर रूप से घायल

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल दोनों को तत्काल एमआर बांगुर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने शेख शाहनवाज को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल महिला यात्री का इलाज जारी है. डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं. हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि हादसा केवल तेज रफ्तार के कारण हुआ या चालक को किसी अन्य वजह से संतुलन खोना पड़ा. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

इस जगह दुर्घटनाएं नयी बात नहीं

इएम बाइपास पर तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएं नयी बात नहीं हैं. खासकर तड़के सड़कों पर यातायात कम होने से कई चालक गति सीमा पार कर देते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइपास पर लगातार हो रहे हादसे प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुके हैं. पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही घायल महिला के बयान के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जायेगा. जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Also Read: कोलकाता में पुनर्जीवित होगी ट्राम सर्विस, ऑस्ट्रेलिया से आयेंगे नये आधुनिक डिब्बे

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola