आज जारी होगी UP की ड्राफ्ट मतदाता सूची, 403 विधानसभा क्षेत्रों की वोटर लिस्ट ऐसे करें चेक
AI Image
यूपी की ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर को जारी हो रही है. प्रदेश की 403 विधानसभा क्षेत्रों की सूची आप ऑनलाइन या बीएलओ से आसानी से देख सकते हैं.
UP Voter List: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज हो गई है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रदेश की सभी 403 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी. इसके साथ ही प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची उपलब्ध होगी. आम नागरिक घर बैठे अपने जिले की वेबसाइट के माध्यम से ड्राफ्ट वोटर लिस्ट देख सकेंगे.
75 जिलों की वेबसाइट पर मिलेगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जाएगी. इन बैठकों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया और इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की जाएंगी. आम नागरिकों की सुविधा के लिए संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची अपलोड की जाएगी.
विधानसभा स्तर पर भी होगी बैठक
विधानसभा स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) की ओर से भी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति करने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके.
1,73,730 बूथों पर उपलब्ध रहेगी मतदाता सूची
प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदेय स्थलों पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के पास भी आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी. आम नागरिक बीएलओ के पास जाकर इस सूची को देख सकेंगे. इसके साथ ही 17 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक सभी बूथों पर टेबल टॉप एक्सरसाइज की जाएगी. इस दौरान बीएलओ मतदाता सूची की जांच करेंगे और उसमें मौजूद त्रुटियों को चिह्नित कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेंगे.
पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ना है उद्देश्य
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है. इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों. निर्वाचन विभाग ने इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के साथ आम नागरिकों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
