सावधान! यूपी में सक्रिय हुआ पंजाब के ज्योतिषीय ठगों का नेटवर्क, ग्रह-दोष, अकाल मृत्यु और अनहोनी का डर दिखाकर लूट
यूपी में सक्रिय ज्योतिषीय ठग गिरोह की जांच करती पुलिस (AI)
उत्तर प्रदेश में साधुओं का भेष बदलकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं. बिजनौर में दो ठगों ने ग्रह-दोष का डर दिखाकर दुकानदार से 11 हजार से अधिक रुपये ऐंठ लिए.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में साधु के भेष में पहुंचे पंजाब के दो ठगों ने ज्योतिषीय दोष और अकाल मृत्यु का डर दिखाकर एक दुकानदार से 11,500 रुपये ठग लिए. आरोपियों ने ग्रह-दशा खराब होने और परिवार पर संकट आने की बात कहकर पीड़ित को अपने जाल में फंसाया. हालांकि, ठगी का अहसास होते ही दुकानदार ने पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से ठगी के 11,500 रुपये भी बरामद किए गए हैं.
ग्रह-दोष और अकाल मृत्यु का डर दिखाकर ऐंठे 11,500 रुपये
मामला बिजनौर जिले के नगीना बाजार का है. यहां दुकान चलाने वाले राजेश टंडन अपनी दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान साधु के भेष में दो लोग वहां पहुंचे. बातचीत के दौरान आरोपियों ने राजेश को उनकी ग्रह-दशा खराब होने, अकाल मृत्यु का दोष होने और परिवार के साथ बेटे पर संकट आने की बात कही. इस तरह उन्होंने पीड़ित के मन में अनहोनी का डर बैठा दिया. इसके बाद दोष निवारण और परिवार को संकट से बचाने के नाम पर आरोपियों ने पहले 6,000 रुपये लिए. फिर दूसरी बार 5,500 रुपये ऐंठ लिए. इस तरह दोनों ने दुकानदार से कुल 11,500 रुपये की ठगी की.
ठगी का अहसास होते ही थाने पहुंचे दुकानदार
आरोपियों के जाने के कुछ देर बाद राजेश टंडन को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ. उन्होंने बिना देर किए नगीना थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद बिजनौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पंजाब के मोगा जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
एसपी बिजनौर केके बिश्नोई के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनाथ और सेवानाथ के रूप में हुई है. दोनों पंजाब के मोगा जिले के रहने वाले हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साधु का भेष धारण कर अलग-अलग जिलों में घूमते थे और लोगों को ग्रह-दोष, अकाल मृत्यु तथा परिवार पर संकट आने का डर दिखाकर रुपये वसूलते थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से ठगी के 11,500 रुपये बरामद किए हैं. अब पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और कथित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें: Kanpur Crime: शादीशुदा प्रेमिका से मिलने आधी रात घर में दाखिल हुआ युवक, दरवाजा खुला तो अंदर मिला युवक का शव
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए