UP Swine Flu: योगी सरकार के मंत्री भी स्वाइन फ्लू की चपेट में, H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव, यूपी में 685 केस से बढ़ी चिंता
योगी सरकार के मंत्री भी स्वाइन फ्लू की चपेट में
UP News: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह H1N1 पॉजिटिव पाए गए हैं. प्रदेश में कुल 685 मामले सामने आ चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है.
UP News: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ती जा रही है. अब योगी सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी इसकी चपेट में आ गए हैं. KGMU में कराई गई जांच में उनकी रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई है.
कई दिनों से था बुखार, जांच में निकला H1N1
रिपोर्टों के मुताबिक जयवीर सिंह को पिछले चार-पांच दिनों से बुखार था. इसके बाद उन्होंने लखनऊ में जांच कराई. जांच में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई. संक्रमण की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने खुद को अलग कर लिया और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उपचार ले रहे हैं.
यूपी में 685 तक पहुंचा स्वाइन फ्लू का आंकड़ा
मंत्री के संक्रमित होने के बीच प्रदेश में H1N1 के बढ़ते मामलों ने भी चिंता बढ़ाई है. उपलब्ध ताजा रिपोर्ट के अनुसार यूपी में स्वाइन फ्लू के 685 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें बड़ी संख्या गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और गाजियाबाद जैसे जिलों से बताई जा रही है.
सरकार ने बढ़ाई निगरानी, सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच
बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में H1N1 की जांच मुफ्त कराने के निर्देश दिए हैं. जिला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी और मेडिकल कॉलेजों में जांच, दवा और आइसोलेशन की व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है. गंभीर मरीजों के लिए अलग ICU की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं.
लखनऊ समेत कई जिलों में बढ़ रहे मामले
राजधानी लखनऊ में भी नए मरीज सामने आ रहे हैं. वहीं इटावा में भी हाल में दो स्वाइन फ्लू मरीज मिलने की सूचना है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और अत्यधिक थकान जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. सांस लेने में परेशानी या हालत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए