एक झटके में उजड़ गया परिवार, एक्सप्रेसवे पर ट्रक में घुसी DSP की क्रेटा कार , इलाज के दौरान मौत

Updated:
विज्ञापन

इलाज के दौरान DSP की मौत, हादसे से मचा हड़कंप

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP News: DSP नरेंद्र सिंह की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टक्कर के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. उनके गनर की हालत गंभीर बनी हुई है. जानिए हादसे का पूरा विवरण.

विज्ञापन

UP News: बाराबंकी में तैनात DSP नरेंद्र सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई. शनिवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उनकी क्रेटा आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और DSP व उनका गनर गाड़ी के अंदर बुरी तरह फंस गए. दोनों को गैस कटर से कार काटकर बाहर निकाला गया और सैफई PGI में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान रविवार रात करीब 11:20 बजे 55 वर्षीय DSP नरेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया. हादसे में घायल गनर कांस्टेबल योगेंद्र सिंह की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.

विज्ञापन

ऊसराहार क्षेत्र में रात करीब 8 बजे हुआ हादसा

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 47 किलोमीटर दूर ऊसराहार थाना क्षेत्र के कौआ रमपुरा गांव के पास शनिवार रात करीब 8 बजे हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्रेटा और ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. टक्कर के बाद कार के कई पुर्जे एक्सप्रेस-वे पर बिखर गए. बताया गया कि इंजन के कुछ पार्ट्स उछलकर कार के अंदर बैठे DSP और उनके गनर को लगे. दोनों गंभीर रूप से घायल होने के साथ कार के अंदर ही फंस गए थे.

गैस कटर से कार काटकर दोनों को निकाला गया

हादसे के बाद राहगीरों ने एक्सप्रेस-वे कंट्रोल रूम और ऊसराहार पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा कर्मचारी मौके पर पहुंचे. कार की हालत ऐसी थी कि दोनों घायलों को निकालना आसान नहीं था. इसके बाद गैस कटर से कार के दरवाजे काटे गए और काफी मशक्कत के बाद DSP और गनर को बाहर निकाला गया. दोनों को एंबुलेंस से सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय भेजा गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ. रविवार रात करीब 11:20 बजे उपचार के दौरान DSP नरेंद्र सिंह की मौत हो गई.

छह महीने पहले इंस्पेक्टर से बने थे DSP

बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय के मुताबिक, नरेंद्र सिंह मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) के बरौला, सेक्टर-49 के रहने वाले थे. उनका परिवार अभी भी वहीं रहता है. नरेंद्र सिंह बाराबंकी एसपी कार्यालय में तैनात थे और सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे. करीब छह महीने पहले ही उनका इंस्पेक्टर से DSP के पद पर प्रमोशन हुआ था. प्रमोशन के बाद बाराबंकी में यह उनकी पहली पोस्टिंग थी. परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं.

गनर चला रहा था क्रेटा, DSP बगल वाली सीट पर बैठे थे

शनिवार को नरेंद्र सिंह किसी निजी काम से अपने गनर के साथ मुजफ्फरनगर के लिए निकले थे. क्रेटा कार नंबर UP 16 FH 0027 गनर कांस्टेबल योगेंद्र सिंह चला रहे थे. DSP नरेंद्र सिंह उनके बगल वाली सीट पर बैठे थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी. बारिश की वजह से एक्सप्रेस-वे पर विजिबिलिटी काफी कम थी और आगे चल रहा ट्रक ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था.

100-110 किमी की रफ्तार से आ रही थी कार

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, अचानक आगे चल रहे ट्रक ने अपनी रफ्तार कम कर दी. इसी दौरान पीछे से करीब 100-110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही क्रेटा के ड्राइवर को ब्रेक लगाने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और कार सीधे ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. हादसे की जांच के साथ पुलिस ट्रक चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.

Input : पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read:मथुरा में सपा नेता की गंदी करस्तानी, महिला बैंककर्मी का पीछा और अश्लील चैट वायरल, जानें आगे क्या हुआ?

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola