UP में संविदा बिजलीकर्मियों के लिए खुशखबरी, 55 साल में हटाए गए कर्मचारियों की होगी वापसी, जानें किसे मिलेगा दोबारा नौकरी का मौका?
संविदा बिजलीकर्मियों की होगी वापसी ( AI Image )
UP में संविदा बिजलीकर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी! 55 साल की उम्र पार करने के कारण हटाए गए कर्मचारियों की सेवा में वापसी की तैयारी. जानें पूरी जानकारी.
UP News: उम्र 55 साल होते ही नौकरी छूट गई तो अब दोबारा काम मिलने की उम्मीद जगी है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम ने ऐसे संविदा बिजलीकर्मियों को फिर से सेवा में लेने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम के इस फैसले से उन कर्मचारियों को बड़ी राहत मिल सकती है, जिन्हें उम्र सीमा पूरी होने के कारण उपकेंद्रों से हटा दिया गया था। दोबारा नियुक्ति मिलने पर ये कर्मचारी 60 साल की उम्र तक काम कर सकेंगे.
19 जिलों के हटाए गए कर्मचारियों को मिलेगा मौका
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में पहले 55 साल की उम्र पूरी करने वाले संविदा बिजलीकर्मियों को सेवा से हटा दिया गया था। इसके अलावा स्वीकृत पदों से अधिक कर्मचारियों की संख्या होने पर भी 25 फीसदी संविदा कर्मियों की छंटनी की गई थी। अब निगम ने इन कर्मचारियों को दोबारा सेवा में लेने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है. निगम के निदेशक (कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासन) राजेंद्र प्रताप सिंह ने चार नवंबर को सभी जोनल मुख्य अभियंताओं को इस संबंध में आदेश भेजा है। इसमें हटाए गए संविदा कर्मचारियों को चिह्नित कर उनकी सूची तैयार करने को कहा गया है। यह रिपोर्ट 15 नवंबर तक प्रबंध निदेशक कार्यालय को भेजनी होगी.
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी कर्मचारियों की पहचान
हटाए गए संविदा बिजलीकर्मियों की वापसी के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी कर्मचारियों से आवेदन लेकर उनके दस्तावेजों और पात्रता के आधार पर चिह्नित करेगी। इसके बाद पात्र कर्मचारियों की सूची तैयार कर रिपोर्ट निगम मुख्यालय भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर मुख्यालय स्तर से दोबारा सेवा में लेने की कार्रवाई होगी.
इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगी राहत
इस फैसले का लाभ सभी हटाए गए संविदा कर्मचारियों को नहीं मिलेगा। भ्रष्टाचार या अन्य गंभीर मामलों में निष्कासित किए गए कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर रखने की छूट नहीं होगी। वहीं, उम्र 55 साल पूरी होने या स्वीकृत पदों से अधिक संख्या होने के कारण हटाए गए कर्मचारी इस प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे.
इन 19 जिलों के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इस प्रक्रिया में लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी, अयोध्या, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के संविदा बिजलीकर्मी शामिल हैं। इन जिलों के उपकेंद्रों से हटाए गए कुशल और अकुशल कर्मचारियों को दोबारा काम मिलने की उम्मीद है। लखनऊ में ऐसे कर्मचारियों की संख्या करीब 550 बताई जा रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
