मुर्गी पालन में बीमारी का खतरा अब पहले ही पकड़ेगा AI, बरेली के वैज्ञानिकों ने तैयार की नई निगरानी तकनीक
AI मुर्गी पालन तकनीक (AI Image)
मुर्गी पालन में अब AI से पक्षियों की सेहत पर नजर रखी जा सकेगी. बरेली के केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान के अध्ययन में कैमरे और सेंसर से बीमारी के शुरुआती संकेत और गर्मी से होने वाले तनाव का पता लगाने की तकनीक बताई गई है.
Bareilly Poultry Farming: (पवन तोमर) उत्तर प्रदेश के बरेली में मुर्गी पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में अहम पहल सामने आई है. अब पोल्ट्री फार्म में मुर्गे-मुर्गियों की सेहत पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए नजर रखी जा सकेगी. पक्षियों के चलने-फिरने, आवाज निकालने और दाना-पानी खाने के तरीके में होने वाला मामूली बदलाव भी एआई की पकड़ में आ जाएगा. खास बात यह है कि बीमारी के स्पष्ट लक्षण दिखाई देने से पहले ही संभावित खतरे का अलर्ट मिल सकेगा.
कैमरे और सेंसर करेंगे निगरानी
बरेली स्थित केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान (सीएआरआई) के वैज्ञानिक डॉ जयदीप रोकड़े ने अपने अध्ययन में पोल्ट्री उत्पादन के क्षेत्र में एआई के इस्तेमाल की संभावनाएं बताई हैं. इसके तहत फार्म में कैमरे और सेंसर लगाए जाएंगे, जो पक्षियों की गतिविधियों, आवाज, व्यवहार और दाना-पानी की खपत से जुड़े आंकड़े जुटाएंगे. एआई इन आंकड़ों का विश्लेषण कर सामान्य व्यवहार से अलग बदलाव की पहचान करेगा. इसके आधार पर पोल्ट्री संचालकों को समय रहते सतर्क किया जा सकेगा.
पानी की खपत में कमी से मिला संकेत
संस्थान के फार्म में किए गए अध्ययन के दौरान 25 दिन के ब्रॉयलर पक्षियों के एक झुंड में पानी की खपत अचानक आठ प्रतिशत कम दर्ज की गई. इस तरह के बदलाव को पक्षियों की गतिविधियों में कमी और आवाज में आए अंतर के साथ जोड़कर देखा जाए तो एआई असामान्य स्थिति का संकेत दे सकता है. इससे संचालक समय रहते पक्षियों की जांच करा सकेंगे और बीमारी की पहचान में देरी होने की आशंका कम होगी.
गर्मी से होने वाले तनाव का भी चलेगा पता
एआई तकनीक केवल बीमारी के शुरुआती संकेत ही नहीं पकड़ेगी, बल्कि मौसम के असर का अनुमान लगाने में भी मददगार हो सकती है. तापमान, नमी, दाना-पानी की खपत और पक्षियों की गतिविधियों का विश्लेषण कर सिस्टम गर्मी से होने वाले तनाव का खतरा बता सकेगा. अध्ययन के मुताबिक, संभावित हीट स्ट्रेस का दो घंटे पहले तक अनुमान लगाकर वेंटिलेशन और कूलिंग व्यवस्था में बदलाव की सलाह दी जा सकती है.
वजन और दाने की जरूरत का मिलेगा अनुमान
इस तकनीक से पक्षियों की संभावित वृद्धि का आकलन भी किया जा सकेगा. उनकी उम्र, नस्ल, पहले का वजन, दाने की खपत और फार्म के वातावरण से जुड़े आंकड़ों के आधार पर अगले दिन की फीड जरूरत और सात दिन बाद के संभावित वजन का अनुमान लगाया जा सकता है. इसके अलावा फीड कन्वर्जन रेशियो की निगरानी से यह समझने में मदद मिलेगी कि दाने के मुकाबले वजन कितनी तेजी से बढ़ रहा है. इससे उत्पादन चक्र पूरा होने से पहले ही गड़बड़ियों को पहचाना जा सकेगा.
Must Read : कभी पिछड़ा-दलित तो कभी अन्नदाता... PDA फॉर्मूले को कितनी बार बदलेंगे अखिलेश यादव, सुब्रत पाठक ने सपा को बताया कन्फ्यूज पार्टी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
