यूपी चुनाव 2027: कहां है वोटरों को खतरा? संवेदनशील बूथों की पहचान शुरू, डराने वालों पर होगी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

AI Image

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों में संवेदनशील बूथों की पहचान शुरू. 7 मानकों पर होंगे चिन्हित, डराने-धमकाने वालों पर होगी कार्रवाई. भयमुक्त मतदान सुनिश्चित.

विज्ञापन

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में निर्वाचन विभाग ने प्रदेश के नाजुक (क्रिटिकल) मतदेय स्थलों की पहचान और सुभेद्य (वल्नरेबिलिटी) मैपिंग की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है. इसका उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है.

विज्ञापन

सात मानकों के आधार पर होगी संवेदनशील बूथों की पहचान

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में क्रिटिकल मतदेय स्थलों का चिन्हीकरण किया जाएगा. इसके लिए सात प्रमुख मानक तय किए गए हैं. इनमें ऐसे मतदेय स्थल शामिल हैं, जो वल्नरेबल पॉकेट या वल्नरेबल क्षेत्र में आते हैं. इसके अलावा ऐसे बूथ भी चिन्हित किए जाएंगे, जहां पिछले चुनाव में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ हो और 75 प्रतिशत से ज्यादा वोट किसी एक प्रत्याशी को मिले हों. वहीं, 10 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथ भी इस दायरे में आएंगे. पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में पुनर्मतदान की स्थिति, मतदान के दौरान अनियमितता या बूथ कैप्चरिंग की घटनाएं भी क्रिटिकल बूथ की पहचान का आधार होंगी. इसके साथ ही अनुपस्थित, शिफ्टेड और मृतक मतदाताओं का प्रतिशत विधानसभा क्षेत्र के औसत से अधिक होने तथा संबंधित इलाके में कानून-व्यवस्था की असामान्य स्थिति को भी ध्यान में रखा जाएगा.

मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों की होगी पहचान

निर्वाचन विभाग की ओर से सुभेद्य (वल्नरेबिलिटी) मैपिंग का उद्देश्य ऐसे इलाकों और मतदाताओं की पहचान करना है, जहां किसी व्यक्ति या समूह की ओर से मतदान को प्रभावित करने, रोकने या मतदाताओं को डराने-धमकाने की आशंका हो सकती है. इसके तहत गांव, मजरा और क्षेत्रवार ऐसे मतदाताओं या मतदाता समूहों को चिह्नित किया जाएगा, जिन्हें मतदान के दौरान भय, दबाव या किसी अन्य तरह की बाधा का सामना करना पड़ सकता है. साथ ही मतदाताओं को प्रभावित करने या इलाके में डर का माहौल बनाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस और प्रशासन मिलकर करेंगे कार्रवाई

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि क्रिटिकल बूथों के चिन्हीकरण और वल्नरेबिलिटी मैपिंग के दौरान स्थानीय परिस्थितियों, पिछले चुनावों के अनुभवों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं का गंभीरता से विश्लेषण किया जाए. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय से संवेदनशील इलाकों की पहचान करेंगे. साथ ही समयबद्ध तरीके से जरूरी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या मतदाताओं पर दबाव बनाने की स्थिति को रोका जा सके.

भयमुक्त मतदान कराना निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विधानसभा चुनाव-2027 में प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से इस्तेमाल करने का अवसर देना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है. क्रिटिकल मतदेय स्थलों का चिन्हीकरण और वल्नरेबिलिटी मैपिंग इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इसके जरिए प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.

Must Read- PM Vishwakarma Yojana: यूपी के कारीगरों को मिलेगा 3 लाख रुपये तक का लोन, जानें आवेदन से लेकर ट्रेनिंग तक का पूरा प्रोसेस

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola