यूपी चुनाव 2027 के लिए BJP का मेगा प्लान, सभी 403 विधानसभा सीटों पर होगी जन चौपाल, सीएम योगी करेंगे शुरुआत

Updated:
विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

यूपी चुनाव 2027 के लिए BJP का महाअभियान शुरू. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर से 'जन चौपाल' का आगाज़ करेंगे, जिसका उद्देश्य जनता से सीधा संवाद स्थापित करना है.

विज्ञापन

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है. इसी कड़ी में बीजेपी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जन चौपाल लगाने का मेगा प्लान तैयार किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 नवंबर को गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से इस अभियान की शुरुआत करेंगे.

विज्ञापन

जन चौपाल के जरिए जनता से सीधा संवाद करेगी BJP

बीजेपी के इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को जानना है. जन चौपाल के दौरान लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी. साथ ही प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता से फीडबैक भी लिया जाएगा. इस अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी ने संगठन के अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है. इसमें बूथ अध्यक्षों, पार्षदों, विधानसभा अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों और मंत्रियों को लगाया गया है. पार्टी की योजना प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 5,000 लोगों को आमंत्रित करने की है.

मथुरा में BJP के चिंतन शिविर का आज आखिरी दिन

एक ओर प्रदेश में जन चौपाल अभियान की तैयारी चल रही है, तो दूसरी ओर मथुरा में बीजेपी का दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है. 16 और 17 नवंबर को परखम गांव स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में चल रहे इस शिविर का मंगलवार को दूसरा और आखिरी दिन है. शिविर के समापन सत्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष रूप से शामिल होंगे. इस दौरान वह कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे. बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने पर चर्चा हो रही है.

चिंतन शिविर के दूसरे दिन तीन सत्रों में होगी बैठक

मंगलवार को चिंतन शिविर में कुल तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दूसरे दिन की बैठक में मौजूद रहेंगे. इन बैठकों में संगठन की मजबूती, चुनावी तैयारियों और प्रदेश में पार्टी की रणनीति को लेकर मंथन किया जाएगा. बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना स्थित ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा की माताजी गौशाला जाएंगे. यहां वह पद्मश्री रमेश बाबा के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री आगरा पहुंचेंगे और दिवंगत विधायक छोटेलाल के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.

चिंतन शिविर में BJP के कई बड़े नेता हो रहे शामिल

बीजेपी की इस दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और संगठन के पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं. इनमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी शामिल हैं. इसके अलावा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ प्रदेश के सभी छह संगठन मंत्री और अन्य पदाधिकारियों के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है. बीजेपी इस चिंतन शिविर के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक और चुनावी रोडमैप तैयार करने में जुटी है. वहीं, सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में जन चौपाल आयोजित करने की योजना को जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की अहम रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.

Also Read : वायु प्रदूषण से महिलाओं की प्रजनन क्षमता पर खतरा, IVF की सफलता भी हो सकती है प्रभावित

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola