अब इलेक्ट्रिक कार से सफर करना होगा और आसान, यूपी के इन 16 रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी EV चार्जिंग की सुविधा, निजी कंपनियां करेंगी संचालन

Updated:
विज्ञापन

इलेक्ट्रिक कार को EV चार्जिंग स्टेशन (AI Image)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

यूपी के 16 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. बरेली जंक्शन पर एक करोड़ की लागत से आधुनिक चार्जिंग सुविधा उपलब्ध होगी.

विज्ञापन

UP Electric Vehicle Charging Station: (पवन तोमर की रिपोर्ट) बरेली में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या के बीच चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने नई पहल की है. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेल मंडल के 16 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. इस योजना में बरेली जंक्शन को भी शामिल किया गया है. यहां चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. इन केंद्रों का संचालन निजी कंपनियों के हाथों में रहेगा. इससे यात्रियों और स्थानीय वाहन चालकों को सुविधा मिलने के साथ रेलवे को अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त होगा.

विज्ञापन

बरेली जंक्शन पर चार यूनिट लगाने की तैयारी

रेलवे की प्रस्तावित योजना के तहत बरेली जंक्शन परिसर में मनोरंजन सदन के नजदीक चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा. इसके लिए स्थान और नक्शे को अंतिम रूप दिया जा चुका है. परियोजना पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. यहां चार चार्जिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी, जहां इलेक्ट्रिक कार और अन्य वाहनों को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी.

निजी एजेंसियां करेंगी संचालन

रेलवे इस पूरी व्यवस्था को निजी ऑपरेटरों के माध्यम से संचालित कराने की तैयारी में है. संबंधित एजेंसियां चार्जिंग स्टेशन की स्थापना से लेकर उसके संचालन तक की जिम्मेदारी संभालेंगी. रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसर में उपलब्ध जमीन का बेहतर व्यावसायिक इस्तेमाल करना और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

चार्जिंग नेटवर्क की कमी होगी दूर

इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन पर्याप्त चार्जिंग पॉइंट नहीं होने के कारण वाहन मालिकों को लंबी दूरी की यात्रा में परेशानी उठानी पड़ती है. रेलवे स्टेशनों पर चार्जिंग सुविधा शुरू होने से आसपास के इलाकों के लोगों को भी इसका लाभ मिल सकेगा. बरेली जंक्शन के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान चिश्ती के मुताबिक, स्टेशन पर चार्जिंग केंद्र के लिए जगह चिह्नित करने के साथ नक्शा भी फाइनल कर दिया गया है. जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.

स्वच्छ ऊर्जा से चार्जिंग पर भी जोर

ईवी को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन का विकल्प माना जा रहा है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि इसके सकारात्मक परिणाम तभी मिलेंगे, जब वाहनों को चार्ज करने के लिए स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल भी बढ़ेगा. प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केमकानफ्लक्स-26 में भी इस विषय पर चर्चा हुई थी. विशेषज्ञों ने कहा था कि इलेक्ट्रिक वाहनों से प्रदूषण में कमी लाने के लिए बिजली उत्पादन के स्रोत को भी स्वच्छ बनाना जरूरी है.

देश में तेजी से बढ़ रही ईवी की मांग

वाहन डीलरों के महासंघ फाडा के आंकड़े भी इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता की तस्वीर पेश करते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर में देशभर में कुल 3,33,364 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री दर्ज की गई थी. यह पिछले साल के इसी महीने में हुई 1,91,497 इकाइयों की बिक्री से करीब 74 प्रतिशत अधिक थी. इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री भी बढ़कर 36,108 इकाई तक पहुंच गई, जबकि पिछले साल सितंबर में यह आंकड़ा 18,559 था. वहीं इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बिक्री में 88 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और इनकी कुल 2,07,314 इकाइयां बिकीं. लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार ईवी उपयोगकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.


Must Read: यूपी में गन्ना मूल्य का काउंटडाउन शुरू: लागत के अनुपात में 100 की बढ़ोतरी की मांग, अब मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी निगाहें

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola