कौन होगा राम मंदिर ट्रस्ट का पहला CEO? ट्रस्ट की बैठक में आज दोपहर हो सकता है नाम का ऐलान
अयोध्या राम मंदिर
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में आज अहम बैठक होने वाली है. इस बैठक में राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम पर मुहर लग सकती है. साथ ही महासचिव और अन्य खाली पदों पर भी निर्णय लिया जाएगा.
Ayodhya Ram Mandir : राम मंदिर ट्रस्ट को आज अपना पहला सीईओ मिल सकता है. इसे लेकर आज दोपहर दो बजे राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिरामदास छावनी में अहम बैठक होगी. बैठक में ट्रस्ट के पदाधिकारियों की मौजूदगी में सीईओ के नाम पर चर्चा होगी. इसके साथ ही ट्रस्ट के अन्य खाली पदों को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है. राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय चयन समिति अपनी प्रक्रिया पूरी कर तीन नाम ट्रस्ट को सौंप चुकी है. ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के तौर पर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट राजेश पांडेय के नाम पर मुहर लग सकती है.
महासचिव समेत खाली पदों पर भी फैसला संभव
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट बुधवार को महासचिव के पद पर भी आधिकारिक घोषणा कर सकता है. बैठक दोपहर दो बजे शुरू होने की संभावना है. सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट में अनिल मिश्रा के इस्तीफे से रिक्त हुए सदस्य पद पर भी बुधवार को नियुक्ति की जा सकती है. चढ़ावा चोरी के मामले और राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय तथा अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद दो अहम पद खाली हैं. वहीं, हाल में ट्रस्ट के सदस्य विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद सदस्य का एक पद भी रिक्त हो गया है.
तीन पदों के लिए नामों का हो सकता है ऐलान
बुधवार को आधिकारिक तौर पर कुल तीन पदों—दो सदस्य और महासचिव—के लिए नामों की घोषणा की जा सकती है. सूत्रों के मुताबिक, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव बजरंग लाल बांगड़ा को भी ट्रस्ट में शामिल किया जा सकता है. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि से जब पूछा गया कि क्या नए सीईओ के नाम की घोषणा बुधवार को होगी, तो उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट को तय करना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसा होगा, लेकिन अंतिम निर्णय ट्रस्टी बोर्ड ही लेगा.
5,500 आवेदनों से शुरू हुई थी चयन प्रक्रिया
गोविंद देव गिरि ने तीन सदस्यीय चयन पैनल को धन्यवाद देते हुए बताया कि ट्रस्ट ने तीन प्रतिष्ठित व्यक्तियों से मार्गदर्शन देने का अनुरोध किया था. इसका उद्देश्य विश्व प्रसिद्ध राम मंदिर के बेहतर प्रबंधन के लिए एक उत्कृष्ट सीईओ का चयन करना था. उन्होंने बताया कि इसके लिए न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े से मार्गदर्शन लिया गया.
16 उम्मीदवारों के हुए व्यक्तिगत साक्षात्कार
चयन समिति ने सुबह से शाम तक साक्षात्कार लेते हुए करीब 5,500 आवेदनों की जांच की. पहले 3,000 उम्मीदवारों को छांटा गया. इसके बाद 1,500 उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की गयी और अंत में 300 उम्मीदवारों का समूह तैयार किया गया. इसके बाद 16 उम्मीदवारों के व्यक्तिगत साक्षात्कार लिए गए. ये साक्षात्कार पूरे दिन चले और प्रत्येक उम्मीदवार के लिए अलग समय निर्धारित किया गया था. चयन प्रक्रिया का परिणाम मंगलवार को ट्रस्ट को सौंप दिया गया. अब बुधवार को होने वाली बैठक में सीईओ के नाम पर अंतिम फैसला होने की उम्मीद है.
Also Read : यूपी में बारिश बनी आफत, नदियां उफान पर, चार की मौत, 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट- स्कूल बंद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए