UP Roadways Driver Jobs: 8वीं पास के लिए भर्ती का मौका, अक्टूबर में लगेगा रोजगार मेला, जानें योग्यता और आवेदन प्रक्रिया
प्रयागराज में संविदा चालकों की भर्ती के लिए लगेगा रोजगार मेला
यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन में संविदा चालकों की भर्ती निकली है. 8वीं पास अभ्यर्थी 5 व 8 अक्टूबर को रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं. जानें पूरी प्रक्रिया.
UP Roadways Recruitment: रोडवेज में चालक की नौकरी तलाश रहे युवाओं के लिए काम की खबर है. यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन संविदा चालकों की भर्ती करने जा रहा है. इसके लिए अक्टूबर में दो जगह रोजगार मेला लगाया जाएगा. भर्ती के बाद चयनित चालकों को सिविल लाइंस डिपो में संविदा पर तैनाती दी जाएगी.
पांच और आठ अक्टूबर को लगेगा भर्ती कैंप
प्रयागराज रीजन की ओर से संविदा चालकों की भर्ती के लिए पहला रोजगार मेला 5 अक्टूबर को झुंसी कार्यशाला में लगाया जाएगा. वहीं दूसरा कैंप 8 अक्टूबर को फूलपुर में होगा. इच्छुक अभ्यर्थियों को तय तारीख पर अपने मूल दस्तावेज और उनकी छायाप्रतियां लेकर भर्ती कैंप में पहुंचना होगा.
आठवीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का कम से कम आठवीं पास होना जरूरी है. लंबाई न्यूनतम 5 फुट 3 इंच निर्धारित की गई है. आवेदक के पास कम से कम दो साल पुराना भारी वाहन चलाने का ड्राइविंग लाइसेंस (टीवी) होना चाहिए. आयु सीमा 23 वर्ष 6 माह से 58 वर्ष तक रखी गई है. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को छह माह के भीतर जारी जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा.
22 दिन ड्यूटी पर मिलेगा अतिरिक्त भुगतान
चयनित संविदा चालकों को 2.16 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से पारिश्रमिक दिया जाएगा. यदि चालक महीने में 22 दिन या उससे अधिक ड्यूटी करते हुए कम से कम 5,000 किलोमीटर का संचालन करता है, तो उसे 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे. लगातार छह माह तक निर्धारित मानक पूरा करने पर प्रोत्साहन राशि का लाभ भी मिलेगा. नियमानुसार ईपीएफ की कटौती की जाएगी.
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
सिविल लाइंस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जयकरन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में पहले ट्रेड टेस्ट होगा. इसमें सफल अभ्यर्थियों को दूसरे टेस्ट के लिए प्रशिक्षण संस्थान, कानपुर भेजा जाएगा. दोनों चरणों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की संविदा पर सिविल लाइंस डिपो में भर्ती की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए