प्रयागराज में बनेगा छह मंजिला फाइव स्टार होटल: गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-कोलकाता हाईवे से महज 3-5 KM दूर होगा निर्माण
फाइव स्टार होटल (फोटो-सोशल मीडिया)
UP News: प्रयागराज में महाकुंभ के बाद पर्यटन और होटल कारोबार को नई रफ्तार. भदरी में बनेगा 6 मंजिला 5-स्टार होटल, गंगा एक्सप्रेसवे व दिल्ली-कोलकाता हाईवे के करीब.
UP News: महाकुंभ के बाद प्रयागराज में पर्यटन और होटल कारोबार को नई रफ्तार मिल रही है. संगम नगरी में बड़े होटल प्रोजेक्ट के बीच अब गंगापार के सोरांव क्षेत्र में छह मंजिला फाइव स्टार होटल बनाने की तैयारी है. खास बात यह है कि होटल का निर्माण भदरी क्षेत्र में करीब 5000 वर्ग मीटर जमीन पर होगा. इसकी लोकेशन भी काफी महत्वपूर्ण है. गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग से होटल की दूरी महज तीन से पांच किलोमीटर बताई जा रही है. इससे पर्यटकों, कारोबारियों और बाहर से आने वाले मेहमानों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
पीडीए से पास हुआ नक्शा, मुंबई के कारोबारी करेंगे संचालन
इस होटल परियोजना को लेकर सबसे महत्वपूर्ण जानकारी यह है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) से भवन का मानचित्र स्वीकृत हो चुका है. होटल का संचालन मुंबई के कारोबारी करेंगे. हालांकि, इसे किस होटल ब्रांड या समूह के तहत संचालित किया जाएगा, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. पीडीए के सचिव विनीत कुमार सिंह के मुताबिक, भदरी में फाइव स्टार होटल के निर्माण के लिए मानचित्र पास किया गया है. होटल का संचालन कौन-सा समूह करेगा, यह आने वाले कुछ महीनों में स्पष्ट हो जाएगा.
भदरी क्षेत्र में क्यों बढ़ रही होटल कारोबारियों की दिलचस्पी?
सोरांव तहसील का भदरी क्षेत्र आने वाले समय में पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों का नया केंद्र बन सकता है. यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी प्रस्तावित है. ऐसे में क्रिकेट मैचों के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों, वीआईपी मेहमानों और दर्शकों के ठहरने के लिए आधुनिक होटल की मांग बढ़ सकती है. इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-कोलकाता हाईवे के नजदीक होने से इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी इसकी बड़ी खासियत मानी जा रही है.
महाकुंभ के बाद प्रयागराज में बढ़ रहा निवेश
महाकुंभ 2025 के बाद प्रयागराज की पहचान केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं रह गई है. शहर में बड़े होटल समूहों की दिलचस्पी बढ़ी है. लग्जरी होटल, आधुनिक बस पोर्ट और अन्य व्यावसायिक परियोजनाओं से पर्यटन के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है. भदरी में प्रस्तावित छह मंजिला होटल इसी बदलती तस्वीर का हिस्सा है. आने वाले समय में यह इलाका प्रयागराज के नए कारोबारी और पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए


