पत्नी की हत्या में जेल गया था, बाहर आते ही फिर रचा खूनी खेल, छोटे भाई की पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
UP News: मिर्जापुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति, जो पहले पत्नी की हत्या के आरोप में जेल काट चुका था, जेल से रिहा होने के बाद अपने ही छोटे भाई की पत्नी का हत्यारा बन गया. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
UP News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।जिस व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में जेल की सजा काटी, वही जेल से बाहर आने के कुछ समय बाद एक और हत्या का आरोपी बन गया। आरोप है कि घर लौटने के बाद उसने अपने ही छोटे भाई की पत्नी को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।
मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
यह सनसनीखेज मामला मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुहनी बेलहा गांव का है। रविवार शाम परिवार में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि परिवार के ही छोटेलाल उर्फ कलट्टर ने अपने छोटे भाई ननकू की पत्नी संगीता के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने लात-घूंसों से महिला को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पत्नी की हत्या में काट चुका है 10 साल की सजा
इस मामले ने इसलिए भी लोगों को हैरान कर दिया क्योंकि आरोपी छोटेलाल का पुराना आपराधिक इतिहास सामने आया है। मृतका के भाई संदीप का आरोप है कि छोटेलाल ने पहले भी दहेज के लिए अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। इस मामले में अदालत ने उसे दोषी ठहराया था और वह करीब 10 साल तक जेल में रहने के बाद कुछ समय पहले ही बाहर आया था। परिजनों का कहना है कि जेल से निकलने के बाद उसने फिर से ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया मृतका संगीता दो छोटे बच्चों की मां थी। उसकी पांच साल की बेटी लाडो और महज पांच महीने की मासूम बेटी पारो अब मां के बिना रह गई हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
लालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका के भाई संदीप की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










