मेरठ में ब्यूटीशियन पत्नी ने किया मर्डर, हार्ट अटैक बताकर पति का दफनाया शव, 10 दिन बाद कब्र से निकला तो खुला कत्ल का खौफनाक राज

Updated:
विज्ञापन

मेरठ में ब्यूटीशियन पत्नी ने किया मर्डर (AI)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मेरठ में ब्यूटीशियन पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. पति की मौत को हार्ट अटैक बताकर परिवार को गुमराह किया, 10 दिन बाद कब्र से खुला राज.

विज्ञापन

UP Crime News: यूपी के मेरठ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. लोहिया नगर की जाकिर कॉलोनी में ब्यूटीशियन पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति तालिब की हत्या कर दी. हत्या के बाद पत्नी ने पति की मौत को हार्ट अटैक बताकर परिवार को गुमराह किया. परिवार ने भी इसे सामान्य मौत मानकर शव को मुजफ्फरनगर में दफना दिया.

विज्ञापन

4 साल पहले हुई थी तालिब-इल्मा की शादी, 3 साल की बेटी है-

मुजफ्फरनगर के रसूलपुर-दभेड़ी गांव निवासी जुल्फिकार के बेटे तालिब (30) की शादी 4 साल पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी अंजुम पैलेस निवासी मोमिन की बेटी इल्मा (27) से हुई थी. दोनों की 3 साल की एक बेटी भी है. तालिब राजमिस्त्री का काम करता था. शादी के बाद वह पत्नी के साथ मेरठ की जाकिर कॉलोनी में किराए पर रहता था. इल्मा पास में ही सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो में काम करती थी.

28 सितंबर को हार्ट अटैक का नाटक, उसी रात दफनाया शव

28 सितंबर को तालिब काम से घर लौटा. शाम करीब 7 बजे इल्मा ने तालिब के मोबाइल से ही उसके परिवार को फोन कर बताया कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई है. खबर मिलते ही फतेहउल्लापुर में रहने वाला तालिब का चचेरा भाई अकरम सबसे पहले घर पहुंचा. इल्मा ने अकरम को बताया कि तालिब काम से लौटने के बाद अचानक बीमार पड़ा और बिस्तर पर लेटते ही उसकी मौत हो गई. उसी रात परिवार के लोग शव को पैतृक गांव रसूलपुर-दभेड़ी ले गए. 29 सितंबर को तालिब के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया. इस दौरान इल्मा रोती रही. 30 सितंबर को वह ससुराल से वापस मेरठ लौट आई.

देवर ने मोबाइल मांगा तो टालने लगी, कपड़े के नीचे से मिला फोन तो खुला राज

तालिब की मौत के बाद परिवार को हार्ट अटैक वाली बात हजम नहीं हो रही थी. 1 अक्टूबर को तालिब के मामा का बेटा रईस मेरठ में इल्मा के घर पहुंचा. उसने इल्मा से तालिब का मोबाइल मांगा तो उसने कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया. इसके बाद रईस ने खुद ही कमरे में तलाशी शुरू की. तलाशी में उसे एक कपड़े के नीचे दबा हुआ तालिब का मोबाइल मिल गया. मोबाइल ऑन कर उसने चैट देखी. मोबाइल में तालिब और अमन नाम के युवक के बीच बातचीत मिली. जिसमें तालिब ने अमन को अपनी पत्नी से बात करने से मना किया था. इससे रईस का शक इल्मा पर और गहरा गया.

प्रेमी अमन को बुलाकर चुन्नी से घोंटा गला

रईस की पूछताछ में इल्मा टूट गई और उसने पति की हत्या की बात कबूल कर ली. इल्मा ने बताया कि तालिब आए दिन उसके साथ मारपीट करता था. 28 सितंबर को भी काम से लौटने के बाद उसने मारपीट की. इससे नाराज होकर उसने अपने प्रेमी अमन को फोन कर घर बुला लिया. अमन अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंचा. तीनों ने मिलकर तालिब को काबू में किया और अमन ने इल्मा की चुन्नी से ही तालिब का गला घोंटकर उसकी जान ले ली. घटना के बाद अमन ने उसे किसी को कुछ न बताने को कहा और परिवार से हार्ट अटैक की बात कहने को कहा. अमन ने वादा किया था कि इद्दत पूरी होने के बाद वह उससे निकाह कर लेगा.

गुरुवार सुबह 11:30 बजे खोदी गई कब्र

5 अक्टूबर को मोबाइल मिलने के बाद परिवार ने सख्ती से पूछा तो सारा सच सामने आया. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की. 10 दिन बाद गुरुवार सुबह 11:30 बजे प्रशासन की मौजूदगी में तालिब की कब्र खोदी गई. शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होगी. सीओ कोतवाली संग्राम सिंह, एसडीएम भूपेंद्र सिंह और सीओ गजेंद्र सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा. -पवन तोमर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: क्रिकेट का सपना साथ देखा, मौत भी साथ आई; सुलतानपुर हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola