लखनऊ में 19वां रेलवे स्टेशन बनने की तैयारी, ट्रांसपोर्टनगर से दौड़ेंगी ट्रेनें,जानें कब मिलेगी हरी झंडी
लखनऊ के ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से जल्द शुरू हो सकती है यात्री ट्रेनों की सेवा
ट्रांसपोर्टनगर जल्द ही लखनऊ का 19वां रेलवे स्टेशन बनने जा रहा है. इस नई सुविधा से 5 लाख लोगों को लाभ मिलेगा और शहर के रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी.
Lucknow New Railway Station: ट्रेन पकड़ने के लिए अब चारबाग तक की दौड़ लगाने से राहत मिल सकती है. ट्रांसपोर्टनगर में जल्द यात्री ट्रेनों के संचालन की तैयारी है. अभी यहां मालगाड़ियों से सामान की लोडिंग-अनलोडिंग होती है. रेलवे इसे यात्री स्टेशन के रूप में विकसित करने जा रहा है. उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने इसका प्रस्ताव भेज दिया है. अब कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) की मंजूरी का इंतजार है. अनुमति मिलते ही यहां से यात्री ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो सकेगा.
ट्रांसपोर्टनगर बनेगा लखनऊ का 19वां रेलवे स्टेशन
ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन शुरू होने से शहर के रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी. लखनऊ में यह 19वां रेलवे स्टेशन होगा. यहां यात्री ट्रेनों का ठहराव होने से आसपास रहने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिल सकती है. करीब पांच लाख की आबादी को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है. चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर यात्रियों का दबाव कम करना भी इस योजना का प्रमुख उद्देश्य है. इसी दिशा में पहले भी कई ट्रेनों को ऐशबाग और गोमतीनगर स्टेशन पर शिफ्ट किया गया है.
कई रूटों की ट्रेनों को मिल सकता है ठहराव
ट्रांसपोर्टनगर से रायबरेली, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, जफराबाद, हरदोई, मुरादाबाद, दिल्ली और शाहजहांपुर रूट की ट्रेनें गुजरती हैं. यात्री स्टेशन के रूप में विकसित होने के बाद यहां इन रूटों की ट्रेनों का ठहराव संभव हो सकेगा.योजना के तहत पैसेंजर ट्रेनों के साथ मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों के संचालन की भी संभावना है. हालांकि, ट्रेनों के ठहराव और संचालन का अंतिम फैसला रेलवे की मंजूरी और योजना पर निर्भर करेगा.
मेट्रो, एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे से भी जुड़ाव
ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन की कनेक्टिविटी इसे यात्रियों के लिए उपयोगी बना सकती है. यहां मेट्रो के जरिये पहुंचना आसान है. इसके अलावा एयरपोर्ट, आलमनगर बस अड्डे और निर्माणाधीन मल्टीस्टोरी अमौसी बस अड्डे से भी इसका जुड़ाव रहेगा. आगरा एक्सप्रेसवे, कानपुर एक्सप्रेसवे और शहीद पथ के रास्ते आने-जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिल सकता है. इससे शहर के अलग-अलग हिस्सों से स्टेशन तक पहुंचने के विकल्प बढ़ेंगे.
यात्रियों के लिए विकसित होंगी जरूरी सुविधाएं
फिलहाल ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन मुख्य रूप से मालगाड़ियों के संचालन और कारों की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए इस्तेमाल होता है. यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने से पहले यहां जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इनमें ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, वाटर वेंडिंग मशीन, एसी लाउंज, टिकटिंग व्यवस्था और यात्रियों के बैठने की सुविधा शामिल हैं. सुरक्षा से जुड़े इंतजाम भी किए जाएंगे. उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता के अनुसार, ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन से यात्री ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भेजा जा चुका है. फिलहाल कमिश्नर रेलवे सेफ्टी की अनुमति का इंतजार है. मंजूरी मिलने के बाद ही यात्री सेवाएं शुरू करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
