चीनी के दाम 61 से सीधे 54 रुपये किलो! शासन की सख्ती के बाद गोरखपुर में कीमतों में आई गिरावट... जानिए आगे क्या होगा
गोरखपुर में चीनी के चीनी के दामों में गिरावट
Gorakhpur Sugar Price: गोरखपुर में चीनी की कीमतों में बड़ी राहत मिली है. पिपराइच चीनी मिल से चीनी का उठान औसतन ₹54.09 प्रति किलोग्राम की दर से हुआ है, जो पहले ₹61 किलो तक बिक रही थी. प्रशासन की सख्ती और मांग में कमी के चलते यह गिरावट आई है.
Gorakhpur Sugar Price: गोरखपुर में चीनी की कीमतों को लेकर राहत की खबर सामने आई है. जहां शासन की सख्ती के बाद चीनी मिलों में रेट नीचे आने लगे हैं. पिपराइच चीनी मिल से मंगलवार को चीनी का उठान औसतन 54.09 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हुआ. अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है.
पहले 61 रुपये किलो तक बिकी थी चीनी
पिपराइच चीनी मिल से इससे पहले चीनी 61 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से भी बिकी थी. अब रेट घटकर 54.09 रुपये किलो पहुंच गया है. चीनी की बिक्री के लिए नीलामी लखनऊ में होती है. अधिकारियों के मुताबिक, मांग में कमी आने और शासन की सख्ती के चलते चीनी के दाम तेजी से नीचे आ रहे हैं.
जिले में आई करीब 500 क्विंटल चीनी
अधिकारियों ने दावा किया कि बुधवार को पिपराइच, बलरामपुर, घोसी, बभनान समेत अलग-अलग चीनी मिलों से जिले में करीब 500 क्विंटल चीनी पहुंची. इससे स्थानीय बाजार में आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है.
गल्ला मंडी में कारोबारियों के स्टॉक की जांच
वहीं बुधवार को जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने गल्ला मंडी पहुंचकर चीनी कारोबारियों के घोषित स्टॉक की जांच की. टीम में वरिष्ठ आपूर्ति निरीक्षक अरुण सिंह, जूही त्रिपाठी, जिला गन्ना अधिकारी और जीएसटी विभाग के अधिकारी शामिल रहे. जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि चीनी की मांग अब कम होने लगी है. शासन की सख्ती का असर भी कीमतों पर दिखाई दे रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बाजार की स्थिति सामान्य हो जाएगी.
6100 रुपये प्रति क्विंटल के रेट पर बुक हुई थी 1945 क्विंटल चीनी
पिपराइच चीनी मिल से एक कारोबारी ने एजेंट के जरिए 21 अगस्त को 6100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से चीनी उठाने के लिए बुकिंग कराई थी. तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद चीनी का उठान नहीं किया गया. इस बुकिंग में से सिर्फ 45 क्विंटल चीनी ही 6100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर बिक सकी. जिस एजेंट के माध्यम से बुकिंग कराई गई थी, उसके खिलाफ पिपराइच चीनी मिल प्रबंधन अब जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है.
मिल में डेढ़ लाख क्विंटल से ज्यादा चीनी का स्टॉक
पिपराइच चीनी मिल में फिलहाल डेढ़ लाख क्विंटल से ज्यादा चीनी का स्टॉक मौजूद है. ऐसे में आने वाले दिनों में चीनी की उपलब्धता और बाजार भाव पर नजर बनी रहेगी. अधिकारियों को उम्मीद है कि मांग में कमी और लगातार आपूर्ति के चलते स्थिति जल्द सामान्य हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए