UP Election 2027: गोरखपुर से आज अखिलेश यादव करेंगे चुनावी शंखनाद, 20 KM रोड शो से देंगे सियासी संदेश

Updated:
विज्ञापन

अखिलेश यादव की तस्वीर (AI)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

UP Election 2027: अखिलेश यादव आज गोरखपुर से करेंगे चुनावी शंखनाद. 20 KM रोड शो और शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण से सपा दिखाएगी अपनी ताकत, जानें पूरा कार्यक्रम.

विज्ञापन

UP Election 2027: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचकर पूर्वांचल में चुनावी गतिविधियों को गति देंगे. विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उनका यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है. वह चौरीचौरा के देवकही गांव में 1857 की क्रांति के वीर सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद पूर्व छात्रनेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर लोगों को संबोधित करेंगे.

विज्ञापन

एयरपोर्ट से देवकही तक निकलेगा रोड शो

अखिलेश यादव दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से देवकही गांव तक पीडीए रथ पर उनका करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला जाएगा. इस कार्यक्रम में दो घंटे से अधिक समय लगने की संभावना है. सपा ने पहले गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीटों से कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी की थी. अब पूर्वांचल के दूसरे जिलों से भी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है. पार्टी ने एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है.

बंधू सिंह की प्रतिमा के अनावरण से जुड़ेंगे स्थानीय लोग

सपा ने इस कार्यक्रम के लिए चौरीचौरा की ऐतिहासिक पहचान को खास महत्व दिया है. यहां शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर पार्टी स्वतंत्रता संग्राम की विरासत से लोगों को जोड़ने की कोशिश करेगी. इसके साथ ही बिन्नू सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी है.

गोरखपुर की नौ सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी

अखिलेश यादव के इस दौरे को केवल एक कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जा रहा है. सपा इसके जरिये गोरखपुर और आसपास के जिलों में अपना संगठन सक्रिय करना चाहती है. पार्टी की कोशिश है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जाए और सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हों. इसी वजह से इस आयोजन को पूर्वांचल में सपा की ताकत दिखाने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है.

टप्पू सिंह सपा में होंगे शामिल, चौरीचौरा से चुनाव लड़ने की चर्चा

पूर्व छात्रनेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू भी इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की सदस्यता लेंगे. अखिलेश यादव उन्हें पार्टी में शामिल कराएंगे. टप्पू सिंह आयोजन की तैयारियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, उन्हें चौरीचौरा विधानसभा सीट से सपा का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है. हालांकि, पार्टी की ओर से अभी उनकी उम्मीदवारी का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.

तिवारी हाता में भी आधे घंटे रुकेंगे अखिलेश यादव

देवकही में कार्यक्रम पूरा करने के बाद अखिलेश यादव पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के आवास तिवारी हाता जाएंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह दोपहर 3.30 बजे देवकही से रवाना होंगे और 3.45 बजे धर्मशाला स्थित तिवारी हाता पहुंचेंगे. यहां करीब 30 मिनट रुकने के बाद 4.15 बजे एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे. शाम 4.45 बजे विमान से लखनऊ रवाना हो जाएंगे.

Must Read: UP Panchayat Election 2026: यूपी में पंचायत चुनाव टालने के लिए अध्यादेश लाएगी योगी सरकार, प्रधानों का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाने का प्रस्ताव

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola