'OP YADAV RAPIST' लिखकर क्यों की हत्या? आगरा में मैथ टीचर मर्डर केस का खुलासा, छात्रा ने प्रेमी संग रची साजिश
आगरा मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव
आगरा में मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पूर्व छात्रा ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. छात्रा ने शिक्षक पर अश्लील तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है.
Agra teacher murder case: उत्तर प्रदेश के आगरा में मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव (50) की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, कोचिंग सेंटर की एक पूर्व छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड निखिल के साथ मिलकर शिक्षक की हत्या की साजिश रची थी. छात्रा का आरोप है कि शिक्षक ने उसकी अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और अश्लील मैसेज भेजते थे. इसी से परेशान होकर उसने अपने बॉयफ्रेंड को पूरी बात बताई थी.
कोचिंग के बेसमेंट में मिला था शिक्षक का शव
मामला आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास का है. यहां बीएस प्लाजा में ओपी यादव के नाम से कोचिंग सेंटर संचालित होता था. 6 नवंबर को कोचिंग के सेमी बेसमेंट में शिक्षक ओमप्रकाश यादव का शव मिला था. शव कई दिन पुराना था और डीकंपोज होने के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में रिश्तेदारों ने शिक्षक की पहचान की.
2 नवंबर को कोचिंग में की गई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को निखिल चाकू लेकर कोचिंग सेंटर पहुंचा था. वहां उसने शिक्षक ओमप्रकाश यादव की गला काटकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर 'OP YADAV RAPIST' लिख दिया. इसके बाद वह शिक्षक का मोबाइल फोन और स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया. चार दिन बाद शव मिलने पर हत्या का मामला सामने आया और पुलिस ने जांच शुरू की.
स्नैपचैट से अश्लील तस्वीरें बनाने का लगाया आरोप
पुलिस की पूछताछ में छात्रा ने बताया कि शिक्षक ने स्नैपचैट के जरिए उसकी अश्लील तस्वीरें बना ली थीं. आरोप है कि वह तस्वीरें दिखाकर उसे ब्लैकमेल करते थे और अश्लील मैसेज भेजते थे. छात्रा के मुताबिक, वह शिक्षक की इन हरकतों से काफी परेशान थी. उसने यह बात अपने बॉयफ्रेंड निखिल को बताई. इसके बाद दोनों ने शिक्षक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. हालांकि, ये आरोप छात्रा के बयान पर आधारित हैं.
कॉल डिटेल से पुलिस छात्रा तक पहुंची
हत्या की जांच के दौरान पुलिस ने शिक्षक ओमप्रकाश यादव की कॉल डिटेल खंगाली. इसमें एक मोबाइल नंबर पर लगातार बातचीत होने की जानकारी मिली. पुलिस ने इसी आधार पर छात्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में छात्रा ने शिक्षक को अच्छा बताया, लेकिन कॉल डिटेल और मैसेज दिखाए जाने के बाद वह रोने लगी. इसके बाद उसने पुलिस को पूरी वारदात और निखिल की भूमिका के बारे में बताया.
30 साल से आगरा में रह रहे थे शिक्षक
करीब 50 वर्षीय ओमप्रकाश यादव मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कठिका गांव के रहने वाले थे. वह पिछले 30 वर्षों से आगरा में रह रहे थे और अविवाहित थे. उनके नाम से कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था. पुलिस अब मामले में आरोपी निखिल की भूमिका और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
